लोकायुक्त का छापा-पंचायत सचिव निकला पेट्रोल पंप का मालिक और मिली टाइल्स की दुकान, 3 ठिकानों पर चल रही है तलाशी

शुजालपुर. सब डिवीजन की कालापीपल तहसील में पंचायत सचिव मुरलीधर शर्मा के 3 ठिकानों पर लोकायुक्त ने छापेमारी की है। गुरूवार की सुबह 5 बजे से 12 लोगों की टीम आष्टा सहित बमुलिया मुछाली और कालापीपल में कार्यवाही कर रही है।
अभी तक की जांच में शर्मा के पास टाइल्स की दुकान, ऑलीशान घर और आष्टा में एक पेट्रोल पंप होने की जानकारी सामने आयी है। पंचायत सचिव मुरलीधर शर्मा ग्राम पंचायत देहरीघाट डोडी में लम्बे वक्त तक पदस्थ रहे हैं। वर्तमान में वह सेमलीखेड़ा और हरूखेड़ी में पदस्थ है। मुरलीधर शर्मा 1999 में पंचायत सचिव बने। अभी तक शाजापुर जिले के हारखेड़ी, कोठरी, डोडी, बमुलिया मुछाली ग्राम पंचायत में सचिव रह चुके हैं।
देहरीघाट मंदिर ट्रस्ट के सचिव हैं
पंचायत सचिव मुरलीधर शर्मा, देहरीघाट मंदिर ट्रस्ट के सचिव भी हैं। उनके खिलाफ पहले से लोकायुक्त में शिकायत दर्ज थी। जिसके आधार पर यह कार्यवाही की गयी है। गुरूवार की सुबह लोकायुक्त टीम ने कालीपीपल जनपद पंचायत के पीछे अंबिका कॉलोनी के मकान पर, ग्राम बमुलिया मुछाली में स्थित मकान और आष्टा के पास स्थित पेट्रोल पंप पर जांच की।
पेट्रोल पंप पार्टनरशिप में-मुरलीधर
कालापीपल की अंबिका कॉलोनी स्थित मकान, पूर्व सरपंच छापरी के सुंदरलाल पाटीदार ने खरीदा था। सुंदरलाल ने मकान का भुगतान चेक से किया था। यह मकान 2,000 वर्ग फीट में बना है। वर्तमान में यहां कई परिवार किराए पर रहते हैं। लोकायुक्त जांच दल ने सुबह 6 बजे मकान के खरीदार सुंदरलाल से रजिस्ट्री की कॉपी और बयान लिए। फिलहाल जांच स्थल पर सभी को नजरबंद रखा गया है।वहीं, पंचायत सचिव मुरलीधर शर्मा ने बताया कि उन्होंने 1 साल पहले अंबिका कॉलोनी का मकान बेचा था। जिसकी रजिस्ट्री भी नए मालिक के नाम कर दी गई है। उन्होंने लोकायुक्त टीम के साथ सहयोग की बात कही और बताया कि उनका पेट्रोल पंप पार्टनरशिप में है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *