छोटी दीपावली पर दीपों की रोशनी से जगमगाया ग्वालियर, ड्रोन से दिखा रोशनी में नहाया शहर

इंदरगंज चौराहे से लेकर घरों के आंगन तक दीपों की छटा, बाजारों और प्रतिष्ठानों में भी की गई आकर्षक रोशनी
ग्वालियर। छोटी दीपावली के अवसर पर मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के अयोध्या लौटने की खुशी में दीप जलाकर उत्सव मनाने की सदियों पुरानी परंपरा एक बार फिर शहर में जीवंत नजर आई। दीपोत्सव के इस अवसर पर पूरा ग्वालियर रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगा उठा। शहर के प्रमुख चौराहों, बाजारों, घरों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों को आकर्षक रोशनी से सजाया गया।
शहर का इंदरगंज चौराहा रोशनी से नहाया नजर आया। वहीं बाजारों में दुकानदारों ने अपने प्रतिष्ठानों के दरवाजों पर दीप प्रज्वलित कर दीपावली का स्वागत किया। घरों के मुख्य द्वार से लेकर आंगन तक दीपों की कतारें सजाई गईं। हर घर में दीप जलाकर सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की गई।
ड्रोन से करीब 500 मीटर की ऊंचाई से देखने पर ग्वालियर का नजारा बेहद आकर्षक दिखाई दिया। ऊपर से पूरा शहर रंग-बिरंगी रोशनी की चादर में लिपटा नजर आया। घरों की छतों, गलियों, बाजारों और चौराहों पर जगमगाते दीपों ने शहर की खूबसूरती में चार चांद लगा दिए।
मान्यता है कि दीपावली पर घर के दरवाजे और आंगन को साफ-सुथरा रखकर दीप जलाने से मां लक्ष्मी का आगमन होता है। इसी आस्था और परंपरा के साथ शहरवासियों ने अपने घरों को रोशनी से सजाया। दीपों की जगमगाहट के बीच ग्वालियर में दीपोत्सव का उल्लास देखते ही बन रहा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *