बानमोर औद्योगिक क्षेत्र में चीते का सफल रेस्क्यू, वापस लाया गया कूनो नेशनल पार्क
मुरैना. कूनो नेशनल पार्क से निकला चीता ग्वालियर के पास बानमोर औद्योगिक क्षेत्र तक पहुंच गया। समीप ही घना रिहायशी क्षेत्र है। इसका वीडियो शनिवार को प्रसारित होने के बाद लोग दहशत में आ गए। वायरल वीडियो में चीता फैक्ट्री एरिया में दौडता दिखाई दे रहा है। लोगों ने इसकी सूचना वन विभाग को दी। यह क्षेत्र दिल्ली-मुंबई हाईवे के करीब है जहां वाहन तेज रफ्तार में चलते है ऐसे में दुर्घटना की संभावना भी थी। जानकारी के अनुसार कूनो की ट्रेकिंग टीम चीते को रेस्क्यू कर साथ ले गई है। चीता गुरूवार को पवाया सांक नदी के किनारे देखा गया था, इसके बाद से वन विभाग की टीम इसे ट्रैस कर रही थी।
