अयोध्या में 30 लाख दीयों से जगमगाई रामनगरी, आतिशबाजी और लेजर शो ने मोहा मन

अयोध्या में आज 10वां दीपोत्सव मनाया जा रहा है। सरयू नदी के किनारे 56 घाटों पर करीब 30 लाख दीये जलाए गए। राम की पैड़ी और सरयू घाट पर लेजर शो से रामायण दिखाई गई। 2100 ड्रोन से विशेष शो किया गया। सरयू तट पर 2147 अर्चकों ने सरयू की महाआरती की। इसके बाद आतिशबाजी की गई। इसके पहले अयोध्या में करीब 3 घंटे तक शोभा यात्रा निकाली गई। इसमें 21 झांकियां शामिल रहीं। इनमें रामायण के सात कांडों को दर्शाया गया था। दीपोत्सव देखने के लिए मुंबई, गुजरात और बिहार सहित देशभर से लोग पहुंचे। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और सीएम योगी समेत कई मंत्री भी मौजूद रहे।


योगी बोले हर साल दीपों की संख्या बढ़ी
सीएम योगी ने कहा 2017 में यूपी की अर्थव्यवस्था जर्जर हालत में थी। कर्मचारियों को वेतन देने तक के लिए पैसा नहीं था। पिछली सरकारों के सिंडिकेट ने खजाने पर डकैती डालकर विदेशों में अपने लिए संपत्तियां खरीदी थीं। पहले दीपोत्सव में महज 25 हजार दीप जलाए गए थे। जैसे-जैसे दीपों की संख्या बढ़ी, प्रदेश की समृद्धि भी बढ़ती गई। इस बार अयोध्या में 36 लाख दीप जल रहे हैं, जो प्रदेश की आर्थिक समृद्धि का भी प्रतीक है।


आतिशबाजी से जगमगाई अयोध्या
अयोध्या में दीपोत्सव के मौके पर आसमान रंग-बिरंगी आतिशबाजी से जगमगा उठा। रामनगरी में हो रही आतिशबाजी ने उत्सव का उल्लास और बढ़ा दिया। आसमान में छूटती रंग-बिरंगी रोशनी के बीच सरयू तट और राम की पैड़ी का नजारा देखने लायक रहा। बड़ी संख्या में मौजूद लोग आतिशबाजी का आनंद ले रहे हैं।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *