रामजी गुप्ता को ग्वालियर खंडपीठ की जिम्मेदारी , ग्वालियर, इन्दौर और जबलपुर समेत जिला न्यायालयों में नयी पदस्थापना के आदेश जारी
जबलपुर. मध्यप्रदेश हाईकोर्ट में 7 न्यायिक अधिकारियों के तबादले करते हुए नयी पदस्थापना के आदेश जारी किये गये है। मुख्य न्यायाधीश के आद पर रजिस्ट्रार जनरल धर्मेन्द्रसिंह के हस्ताक्षर से जारी किये गये आदेश में जबलपुर मुख्यपीठ, इंदौर और ग्वालियर खंडपीठ के साथ विभिन्न जिला न्यायालयों में भी पदस्थापना में बदलाव किया गया है।
सागर कुटुम्ब न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश अखिलेश कुमार मिश्रा को इंदौर खंडपीठ का प्रधान रजिस्ट्रार बनाया गया है। इंदौर खंडपीठ केमौजूदा प्रधान रजिस्ट्रार अनूपकुमार त्रिपाठी को रतलाम कुटुम्ब न्यायालय का प्रधान न्यायाधीश नियुक्त किया गया है। सीहोर कुटुम्ब न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश वैभव मंडलोई को जबलपुर मुख्यपीठ में प्रधान रजिस्ट्रार (आईएलआर एवं परीक्षा) की जिम्मेदारी दी गयी है। उनकी स्थान पर अजयसिंह ठाकुर को सीहोर कुटुम्ब न्यायालय का प्रधान न्यायाधीश बनाया गया है।
ग्वालियर-इन्दौर खंडपीठ में किया गया बदलाव
ग्वालियर खंडपीठ के प्रधान रजिस्ट्रार राजीव के पाल अभी उनकी जगह इन्दौर जोन में प्रधान जिला न्यायाधीश (निरीक्षण) की जिम्मेदारी संभालेंगे। इंदौर जोन के प्रधान जिला न्यायाधीश (निरीक्षण) राजीवकुमार आयाची को जबलपुर मुख्यपीठ में विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी (ओएसडी) बनाया गया है।
रामजी गुप्ता को ग्वालियर खंडपीठ की जिम्मेदारी
रतलाम कुटुंब न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश रामजी गुप्ता को ग्वालियर खंडपीठ का प्रधान रजिस्ट्रार बनाया गया है। वहीं, अनूपपुर में नियमित प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश के कार्यभार संभालने तक प्रथम जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश आशुतोष अग्रवाल प्रभारी प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश का अतिरिक्त प्रभार संभालेंगे।
प्रधान रजिस्ट्रार (सतर्कता) राजेन्द्र कुमार शर्मा सीनियर को जबलपुर जोन का प्रधान जिला न्यायाधीश (निरीक्षण) नियुक्त किया गया है। इस पद पर कार्यरत अजय प्रकाश मिश्र को प्रधान रजिस्ट्रार (सतर्कता) बनाया गया है।
