ग्वालियर पूर्व से माया सिंह को प्रत्याशी बनाये जाने का विरोध, जयसिंह ने दिया इस्तीफा, मुन्नालाल समर्थकों ने किया चक्काजाम
ग्वालियर. मप्र विधानसभा चुनाव में टिकट वितरण के बाद विरोध शुरू हो गया है। भारतीय जनता पार्टी के नेता व केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्रसिंह तोमर के खास माने जाने वाले पूर्व साडा अध्यक्ष जयसिंह कुशवाह ने ग्वालियर पूर्व विधानसभा से मायासिंह को टिकट मिलने के बाद भाजपा से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने प्रदेश कार्यसमिति की सदस्यता व मुरैना जिले के प्रभार से त्यागपत्र सौंप दिया।
जयसिंह कुशवाह ने बताया कि एक ही परिवार को 12वीं बार टिकट दिया गया है। पहले माया सिंह के पति ध्यानेन्द्र सिंह को मौका मिलता था अब उनको दिया जाता रहा है। इससे पार्टी के युवाओं में आक्रोश है। किसी का नाम लिये बिना कहा है कि सन 1़971 के जन्मे युवा नेता अब बूढे हो गये हैं लेकिन उनको कोई प्रोत्साहन नहीं दिया गया। वहीं, दूसरी ओर मुन्नालाल गोयल के समर्थकों ने टिकट नहीं मिलने पर मुरार के बारादरी पर चक्काजाम किया।
पैदल तक नहीं चल पाती है-जयसिंह
बीजेपी नेता जयसिंह कुशवाह ने कहा है कि महापौर के चुनाव के वक्त मायासिंह ने स्वास्थ्य का हवाला देते हुए चुनाव लड़ने से मना कर दिया था। जब स्वास्थ्य खराब था तो अब कैसे ठीक हो गया और वह अब चल भी नहीं पाती हैं तो इसके बाद भी बीजेपी ने उन्हें प्रत्याशी बना दिया और इससे युवाओं के भविष्य पर अंधेरा छा जायेगा।

कौन है जयसिंह कुशवाह
ग्वालियर में जयसिंह कुशवाह की पहचान केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर के दोस्त साथ-साथ पूर्व साडा अध्यक्ष के रूप में होती है। वैसे जयसिंह कई पदों पर रह चुके हैं। वर्तमान में वह भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य हैं। अभी मुरैना जिले के प्रभारी भी हैं। ग्वालियर पूर्व से भाजपा के उम्मीदवारों में उनका भी नाम था।
केन्द्रीय मंत्री सिंधिया से करेंगे मुलाकात
ऐसा भी पता लगा है कि ग्वालियर पूर्व से कुछ नेताओं का एक खेमा टिकट बदलवाने के विरोध में रविवार को केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से मुलाकात कर मांग करेंगे।
