शिक्षा प्रगति की पहली सीढ़ी है – राज्यपाल मंगुभाई पटेल

ग्वालियर राज्यपाल मंगुभई पटेल ने कहा है कि शिक्षा प्रगति की पहली सीढ़ी है। वह मन के द्वार खोलती है, व्यक्ति को समाज में अच्छा व्यवहार करने की प्रेरणा देती है। राज्यपाल ने यह बात जीवाजी विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित केन्द्रीय जेल में बंदियों को शिक्षा के सुलभ उपाय उपलब्ध कराने के लिये “बंदी से बंधु तक” कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में कही।
केन्द्रीय जेल ग्वालियर में “बंदी से बंधु” कार्यक्रम में कहा कि जीवाजी विश्वविद्यालय द्वारा बंदियों के लिये प्रारंभ किया गया यह कार्य सराहनीय है। कार्यक्रम में पुलिस महानिदेशक जेल राजेश चावला, संभागीय आयुक्त दीपक सिंह, आईजी चंबल सुशांत सक्सेना, कुलपति प्रो. अविनाश तिवारी, कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश चंदेल सहित जेल विभाग के अधिकारी एवं बंदीगण उपस्थित थे।
राज्यपाल ने कहा कि जीवाजी विश्वविद्यालय द्वारा बंदियों के लिए प्रारंभ किए गए कार्यक्रम के माध्यम से औषधि, सुगंधित पौधों की खेती, फैशन डिजाइनिंग, ग्रामीण पत्रकारिता, जन संचार, वैदिक गणित और फलित ज्योतिष आदि के प्रमाण पत्र पाठ्यक्रम प्रारंभ किए गए हैं। यह बहुत ही सराहनीय प्रयास है।
पुलिस महानिदेशक जेल राजेश चावला ने इस अवसर पर कहा कि जीवाजी विश्वविद्यालय ग्वालियर द्वारा केन्द्रीय जेल में बंदी से बंधु तक कार्यक्रम प्रारंभ किया है, यह एक सराहनीय प्रयास है। इसके माध्यम से जेल के बंदियों को शिक्षा मिलेगी और वे सकारात्मक विचारों के साथ पुन: समाज की मुख्य धारा से जुड़ पायेंगे।
कैदियों द्वारा तैयार की गई सामग्री का राज्यपाल ने किया अवलोकन
राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कार्यक्रम के पश्चात ग्वालियर केन्द्रीय जेल में बंदियों द्वारा तैयार की गई विभिन्न सामग्रियों का भी अवलोकन किया। इसमें दरी, कालीन एवं अन्य सामग्री शामिल हैं। कैदियों द्वारा जेल में नर्सरी का भी निर्माण किया गया है। राज्यपाल ने कैदियों द्वारा तैयार की गई सामग्री का अवलोकन किया और उसकी प्रशंसा भी की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *