स्वच्छता के मामले में ग्वालियर बना मध्यप्रदेश का नंबर-1 शहर, राष्ट्रीय स्तर पर मिला सम्मान

ग्वालियर. स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में ग्वालियर को मध्यप्रदेश का पहला स्वच्छ शहर घोषित किया गया है। नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय पुरस्कार समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शहर को ‘स्टेट फर्स्ट स्वच्छ सिटी ऑफ मध्यप्रदेश’ का पुरस्कार दिया। नगर निगम के अधिकारियों ने यह सम्मान ग्रहण किया। स्वच्छ भारत मिशन-शहरी के तहत केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय ने समारोह आयोजित किया। इसमें देशभर के 60 से अधिक शहरों को अलग-अलग श्रेणियों में सम्मानित किया गया। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य तथा विद्युत मंत्री मनोहर लाल खट्टर और केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।

ग्वालियर की ओर से नगर निगम आयुक्त अभिषेक चौधरी, पूर्व निगमायुक्त संघ प्रिय, अपर आयुक्त स्वास्थ्य टी. प्रतीक राव और उपायुक्त एसबीएम मुकेश बंसल ने पुरस्कार ग्रहण किया। नगर निगम के सफाई अमले, अधिकारियों-कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों और शहरवासियों के प्रयासों को इस उपलब्धि का श्रेय दिया गया। स्वच्छता अभियान के तहत सफाई व्यवस्था बेहतर करने और नागरिकों की भागीदारी बढ़ाने के प्रयास किए गए।
यह पुरस्कार पूरे ग्वालियर का सम्मान- मुख्यमंत्री मोहन यादव
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, महापौर डॉ. शोभा सतीश सिंह सिकरवार और नगर निगम सभापति मनोज तोमर ने शहरवासियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह पुरस्कार किसी एक विभाग या व्यक्ति का नहीं, बल्कि पूरे ग्वालियर का सम्मान है। प्रदेश में पहला स्थान मिलने के बाद नगर निगम के सामने इसे बनाए रखने की चुनौती है। शहर की सफाई व्यवस्था को लगातार बेहतर करने और नागरिकों की भागीदारी बढ़ाने पर जोर देना होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *