ग्वालियर हाईकोर्ट को धमकी भरा ई-मेल भेजने वाला गिरफ्तार, दिलजीत के इंदौर शो को भी दी थी धमकी
ग्वालियर. पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ के 15 नवंबर को इंदौर में होने वाले कॉन्सर्ट को बम से उड़ाने की धमकी के मामले में उत्तर प्रदेश एटीएस ने मंगलवार रात एक संदिग्ध को पकड़ा है। उसके ई-मेल अकाउंट से बड़ी संख्या में धमकी भरे संदेश मिले हैं। पूछताछ में संदिग्ध ने दावा किया कि उसने अपना ई-मेल अकाउंट किसी दूसरे व्यक्ति को बेच दिया था। अब एटीएस ई-मेल खरीदने वाले की तलाश कर रही है। जांच की जा रही है कि धमकी भरे संदेश किसने भेजे थे। धमकी भरा ई-मेल ग्वालियर हाईकोर्ट की आधिकारिक ई-मेल आईडी पर भेजा गया था। इसमें कॉन्सर्ट के मंच को आईईडी (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) से उड़ाने की चेतावनी दी गई थी। इसके अलावा, बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन के मुंबई स्थित बंगले ‘जलसा’ को भी बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी।

मंगलवार रात एक संदिग्ध को पकड़ा
धमकी भरे ई-मेल की जांच करते हुए एटीएस ने उसका आईपी एड्रेस ट्रेस किया। इसके आधार पर जांच एजेंसी उत्तर प्रदेश के दो शहरों तक पहुंची और मंगलवार रात एक संदिग्ध को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने ई-मेल बेचने की बात कही। हालांकि, अभी यह साफ नहीं है कि धमकी उसी ने भेजी थी या ई-मेल खरीदने वाले किसी दूसरे व्यक्ति ने इसका इस्तेमाल किया। एटीएस ई-मेल की खरीद-बिक्री और धमकी के पीछे के मकसद की जांच कर रही है।
कॉन्सर्ट में चार गानों पर रोक लगी
इंदौर कॉन्सर्ट को उड़ाने की धमकी के बीच ही कॉन्सर्ट में दिलजीत के चार गानों पर रोक भी लगी। इंदौर जिला बाल संरक्षण अधिकारी ने मॉल प्रबंधन को पत्र लिखकर इन गानों को नहीं गाने देने को कहा था। विभाग का मानना है कि इनके बोल बच्चों पर गलत असर डाल सकते हैं। जिन गानों पर रोक लगाने के निर्देश दिए गए हैं, उनमें ‘पटियाला पैग’, ‘5 तारा ठेके’, ‘जेब विचों अफीम लभिया’ और ‘जट्ट उत्थे फायर करदा जित्थे पाबंदी हथियार दी’ शामिल हैं।
