घाटीगांव से मासूम बच्ची का अपहरण पुलिस के लिये बना चुनौती, 4 दिन बाद भी सुराग नहीं

ग्वालियर. घाटी्रगांव में गांव का पुरा से गायब हुई डेढ़ वर्षीय मासूम मुस्कान का 4 दिन बीतने के बाद भी कोई सुराग नहीं लग सका है। त्यौहार की खरीदारी करने गयी मां जब घर लौटी तो बच्ची गायब थी। 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरे तलाशने और पुलिस की 10 से ज्यादा टीमों की रात-दिन तलाशी के बावजूद पुलिस के हाथ खाली है।
अभी तक पुलिस को एक भी सुराग हाथ नहीं लगा है। जिस पर जांच की दिशा तय की जा सके। जैसे-जैसे समय निकल रहा है। मासूम की सलामती को लेकर परिजन और पुलिस की चिंता गहराती जा रही है। इतना ही नहीं मासूम के घर के आसपास घना जंगल है। पुलिस ने बच्ची की तलाश में यहां ड्रोन तलाशी के लिये लगाये हैं। लेकिन अपहृत बच्ची का कोई सुराग नहीं लगा है।
इस वारदात ने ग्वालियर में अतीत में हुए चर्चित सूर्यांश (07 सितंबर 2015) और रितेश पाल (01 नवंबर 2025 ) अपहरण कांड की कभी न भुलाने वाली यादें ताजा कर दी हैं। अब मासूम को सुरक्षित ढूंढ निकालना ग्वालियर पुलिस के लिए एक बड़ी चुनौती बन गया है।
10 टीमों का सर्च ऑपरेशन, 100 से ज्यादा CCTV खंगाले पर सुराग शून्य
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल 10 से ज्यादा विशेष टीमें गठित कर तलाशी अभियान शुरू किया। पुलिस की टीमों ने गांव और आसपास के रास्तों पर लगे 100 से अधिक CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले हैं। इसके साथ ही डॉग स्क्वॉड और ग्रामीणों की मदद से आसपास के जंगलों और खाली मैदानों में रात-दिन सर्चिंग की जा रही है। पर अभी तक पुलिस को एक भी ऐसा सुराग नहीं मिला है जिस पर काम करके इस केस की जांच या तलाश की दिशा तय हो सके।
