MP में रेलवे का बड़ा प्लान, 160 किमी प्रतिघंटे की स्पीड से दौड़ेगी वंदे भारत
भोपाल. भोपाल और आसपास के महानगरीय स्टेशनों से गुजरने वाली वंदे भारत ट्रेन की स्पीड जल्द ही 130 से बढ़कर 160 किलोमीटर प्रति घंटा होने जा रही है। इसके अलावा राजधानी, शताब्दी जैसी सुपरफास्ट ट्रेनों की स्पीड भी बढ़ जाएगी। भोपाल रेल मंडल के 530 किलोमीटर रूट एरिया में आए दिन मवेशियों के ट्रेन से टकराने एवं मानव रन ओवर की घटनाएं रोकने के लिए रेलवे की जमीन पर सुरक्षा सीमा बनाने का प्रोजेक्ट शुरू किया गया है। सीनियर डीसीएम सौरभ कटारिया ने बताया कि 12 महीने के अंदर इस पूरे क्षेत्र को दुर्घटना रहित बनाने का प्रयास किया जा रहा है। बीते 12 महीने में यहां 50 से ज्यादा मवेशियों की टकराने एवं रन ओवर की घटनाएं हुई हैं। रेलवे ट्रैक पर आसान पहुंच को दुर्गम बनाने के लिए विशेष प्रकार की फेंसिंग लगाई जा रही है ताकि जानवर और इंसानी आवाजाही रेलवे ट्रैक के आसपास कम से कम हो सके।
इन रूट पर सबसे पहले काम
खंडवा से लेकर बीना तक पटरियों के दोनों ओर 530 किलोमीटर फेंसिंग लगाने का काम शुरू किया जा रहा है। इससे ट्रेनें 160 की स्पीड तक दौड़ सकेंगी। इसके लिए मार्च 2027 की डेडलाइन तय की गई है। पूरा कार्य 288 करोड़ 31 लाख रुपए की लागत से किया जाना है। भोपाल मंडल का यह क्षेत्र अति-व्यस्त रूटों में से एक है, जहां से रोजाना कई प्रीमियम और सुपरफास्ट ट्रेनें गुजरती हैं। अक्सर पटरियों पर आवारा मवेशियों के आने या ग्रामीणों द्वारा अनधिकृत रूप से ट्रैक पार करने के कारण दुर्घटनाओं का अंदेशा बना रहता है।
राजधानी-वंदे भारत जैसी ट्रेनों को फायदा
फेंसिंग हो जाने से 130 और उससे अधिक स्पीड से चलने वाली ट्रेनों को अधिक फायदा होगा। रेलवे अधिकारियों के अनुसार फेंसिंग हो जाने से मवेशियों के ट्रैक पर आने का खतरा खत्म हो जाएगा। इससे ट्रेनें राजधानी, वंदे भारत जैसे ट्रेनों को फुल स्पीड में चलाया जा सकता है। इन ट्रेनों को आगे चलकर 160 की स्पीड पर चलाने की प्लानिंग है। खंडवा-इटारसी, इटारसी-भोपाल और भोपाल-बीना रूट पर रोजाना करीब 220 ट्रेनें गुजरती हैं। सुपरफास्ट की स्पीड बढ़ेगी। फेंसिंग के होने से इन सभी ट्रेनों को फायदा होगा। इससे इन ट्रेनों में सफर करने वाले यात्रियों की सुरक्षा भी बढ़ेगी।
