केंद्रीय मंत्री तोमर और पवैया को साथ ले गए शिवराज, मंत्रणा की
ग्वालियर. ग्वालियर-चंबल अंचल में कांग्रेस की सक्रियता, पूर्व मंत्री अनूप मिश्रा, नारायण सिंह कुशवाह के दक्षिण विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने के लिए ताल ठोकने के साथ केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के भाजपा में आने के बाद पार्टी में नफा-नुकसान को लेकर चर्चा चल रही है। इस राजनीतिक माहौल में शुक्रवार को प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, महाराष्ट्र प्रभारी जयभान सिंह पवैया को मंत्रणा के लिए साथ में मुख्यमंत्री आवास पर ले जाने से राजनीति गरमा गई है। इसे जयभान सिंह पवैया ने सामान्य मुलाकात बताया।
मुख्यमंत्री के साथ हुई चर्चा पर सवाल पर करने पर पवैया का कहना है कि चुनाव की बेला है। जब राजनीति से जुड़े तीन एक लोग साथ बैठेंगे, तो स्वाभिवक है चर्चा भी राजनीति पर ही होगी। इसमें आश्चर्य की क्या बात है। भोपाल में प्रदेश कार्य समिति की बैठक के समापन पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, पूर्व मंत्री जयभान सिंह पवैया को चर्चा करने के लिए मुख्यमंत्री आवास पर ले गए। तीनों के बीच लगभग पौन घंटे तक एकांत में चर्चा हुई। मुख्यमंत्री की केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर और पवैया से हुई चर्चा के बाद अंचल की राजनीति गरमा गई। चर्चा के संबंध में नरेंद्र सिंह तोमर, पवैया सीधे कुछ नहीं बोल रहे हैं। इसे सामान्य मुलाकात बता रहे हैं।
