जिला प्रशासन ने मौके पर पहुँचकर अतिक्रमण हटवाकर सड़क का काम शुरू कराया
ग्राम दुहिया व टिहौली निवासी लम्बे अरसे से इस सड़क के इंतजार में थे
ग्वालियर – तानसेन तहसील के ग्राम दुहिया व टिहौली के बीच सड़क निर्माण की मांग दोनों गाँव के निवासी लम्बे अरसे से करते आ रहे थे। राज्य शासन द्वारा सड़क मंजूर भी कर दी गई, पर जिस मार्ग पर सड़क बनाई जानी थी वहाँ पर गाँव के लोगों ने अतिक्रमण कर लिया था। इस कारण सड़क का काम शुरू नहीं हो पा रहा था। सोमवार को जिला प्रशासन व पुलिस की संयुक्त टीम दल-बल के साथ मौके पर पहुँची और अतिक्रमण हटाने के साथ-साथ सड़क का कच्चा काम भी पूरा करा दिया। सड़क का काम शुरू हुआ तो दोनों गाँव के निवासी खुशी से झूम उठे।
तहसीलदार ने बताया कि दुहिया – टिहौली मार्ग पर ग्राम दुहिया के समीप लगभग 150 मीटर लम्बाई में अतिक्रमण के कारण सड़क का काम रुका हुआ था। इस स्थान पर दाताराम, रामहेत व धर्मवीर द्वारा कच्चा निर्माण व भूसे के कूप लगाकर बेजा कब्जा कर लिया था। ग्राम पंचायत दुहिया के सरपंच द्वारा आवेदन दिया गया था कि इस सड़क का निर्माण अतिक्रमण के कारण प्रभावित हो रहा है। सरपंच द्वारा दिए गए आवेदन पर सीमांकन कराया गया। साथ ही सोमवार को राजस्व व पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुँची और अतिक्रमण हटाकर सड़क का काम पूरा कराया।
इस कार्रवाई में नायब तहसीलदार लालसिंह राजपूत, थाना प्रभारी बिजौरी प्रीती भार्गव, राजस्व निरीक्षक महेश ओझा व पटवारी श्री रणवीर पटेल सहित जिला प्रशासन व पुलिस के अन्य कर्मचारी शामिल थे।
