कलेक्टर परिसर में हुई अग्नि दुर्घटना की जाँच के लिये चार सदस्यीय दल गठित
ग्वालियर – कलेक्ट्रेट स्थित कोषालय व स्थानीय निर्वाचन कार्यालय में गुरुवार को हुई अग्नि दुर्घटना की जाँच के लिये कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी रुचिका चौहान द्वारा 4 सदस्यीय दल गठित किया है। उन्होंने जाँच के लिये बिंदु निर्धारित कर दिए हैं। साथ ही 5 दिवस के भीतर जाँच प्रतिवेदन माँगा है।
अपर जिला दण्डाधिकारी टीएन सिंह ने बताया कि जाँच दल में संयुक्त कलेक्टर संजीव जैन, नगर निगम के फायर ऑफीसर उमंग प्रधान, कार्यपालन यंत्री ईएण्डएम स्वाति राजपूत व सहायक यंत्री विद्युत सुरक्षा आरएस वैश्य को शामिल किया गया है।
जाँच के लिये जो बिंदु निर्धारित किए गए हैं उनमें अग्नि दुर्घटना का मूल कारण व अग्नि दुर्घटना सर्वप्रथम कहां से शुरू हुई, घटना से कितनी शासकीय सम्पत्ति प्रभावित हुई, क्या मुख्य पॉवर सप्लाई में देखरेख के अभाव की वजह से दुर्घटना घटित हुई, क्या विद्युत वितरण कंपनी के द्वारा संधारण कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही बरती गई, क्या अग्नि दुर्घटना के दौरान कोई व्यक्ति घायल हुए, अग्नि दुर्घटना से संभावित नुकसान की जानकारी, घटना के लिये कौन-कौन जिम्मेदार है इत्यादि बिंदु शामिल हैं। साथ ही जाँच के दौरान सामने आईं परिस्थितियों के अनुसार भी जाँच के बिंदु निर्धारित किए जा सकेंगे।

