ग्वालियर में सोलर पैनल कर्मचारी की मौत, परिजनों ने शव रखकर किया प्रदर्शन
ग्वालियर. हजीरा चौराहा पर शनिवार दोपहर परिजनों ने एक युवक का शव रखकर चक्काजाम कर दिया। मृतक प्रशांत कश्यप (27), जो एक सोलर पैनल लगाने वाली कंपनी में कर्मचारी था, शुक्रवार सुबह कंपनी के काम से मुरैना के कैलारस गया था। वहां चौथी मंजिल पर पैनल लगाते समय वह असंतुलित होकर नीचे गिर गया। सिर में गंभीर चोट लगने से उसे पहले कैलारस और फिर ग्वालियर के जेएएच अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसा और लापरवाही का आरोप
प्रशांत का ऑफिस सिटी सेंटर, एसपी ऑफिस के पीछे स्थित है। शुक्रवार सुबह वह अन्य कर्मचारियों के साथ कैलारस गया था, जहां एक कारोबारी के भवन की चौथी मंजिल पर सोलर पैनल लगाना था। शाम करीब 5 बजे काम के दौरान उसका पैर फिसल गया, जिससे वह नीचे गिर गया। गंभीर हालत में उसे स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, लेकिन किसी ने भर्ती नहीं किया। इसके बाद साथी कर्मचारी उसे एम्बुलेंस से ग्वालियर लाए, जहां रात 8 बजे ट्रॉमा सेंटर में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
शव रखकर प्रदर्शन
शनिवार दोपहर जेएएच में पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। कंपनी द्वारा किसी भी तरह की आर्थिक सहायता न मिलने से नाराज परिजनों ने शव को हजीरा चौराहा पर रखकर जाम लगा दिया। ट्रैफिक बाधित होने से पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाया। परिजनों ने आर्थिक सहायता और कंपनी पर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने उचित कार्रवाई और मदद का आश्वासन दिया, जिसके बाद परिजन माने। प्रशांत की तीन साल पहले शादी हुई थी। उसके एक डेढ़ साल का बेटा और छह माह की बेटी है। परिवार की पूरी जिम्मेदारी उसी के कंधों पर थी। उसकी मौत से परिवार पर आर्थिक संकट गहरा गया है।
