यूपी एटीएस की बड़ी कार्रवाई, हिजबुल मुजाहिदीन का आतंकी गिरफ्तार

मुरादाबाद. आतंकवाद निरोधक दस्ता ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 18 साल से फरार चल रहे हिजबुल मुजाहिद्दीन के आतंकी उल्फत हुसैन को गिरफ्तार कर लिया है। वह जम्मू-कश्मीर में ट्रेनिंग लेकर मुरादाबाद में किसी बड़ी आतंकी घटना को अंजाम देने की फिराक में था। यूपी एटीएस और मुरादाबाद पुलिस की संयुक्त टीम ने मुरादाबाद के थाना कटघर क्षेत्र से उसे गिरफ्तार किया। उल्फत हुसैन उर्फ मोहम्मद सैफुल इस्लाम, अफज़ाल, परवेज और हुसैन मलिक के नाम से भी जाना जाता है। एटीएस ने बताया कि यह आतंकी साल 2002 से फरार चल रहा था और इस पर ₹25,000 का इनाम घोषित था।
आतंकी ट्रेनिंग और साजिश
यूपी एटीएस के अनुसार, उल्फत हुसैन हिजबुल मुजाहिद्दीन का सक्रिय सदस्य रह चुका है। उसने 1999-2000 के दौरान पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में आतंकी ट्रेनिंग ली थी। ट्रेनिंग पूरी करने के बाद वह भारत में घुसपैठ कर मुरादाबाद पहुंचा और किसी बड़े आतंकी हमले को अंजाम देने की योजना बना रहा था। खुफिया एजेंसियों को उसके मुरादाबाद में छिपे होने की जानकारी मिली थी, जिसके बाद एटीएस और पुलिस ने जाल बिछाकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पहले भी हो चुका था गिरफ्तार, लेकिन हुआ था फरार
यूपी एटीएस ने बताया कि 9 जुलाई 2001 को कोलकाता ट्रेन से उल्फत हुसैन को गिरफ्तार किया गया था। उसके पास से AK-47, AK-56 राइफल, दो पिस्टल (30 बोर), 12 हैंड ग्रेनेड, 39 टाइमर, 50 डेटोनेटर, 37 बैटरियां, 29 किलो विस्फोटक और 560 जिंदा कारतूस बरामद किए गए थे। हालांकि, वह जमानत पर छूटने के बाद फरार हो गया और 18 साल तक पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की पकड़ से दूर रहा।मुरादाबाद की कोर्ट ने उसके खिलाफ स्थायी वारंट जारी किया था और पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी पर इनाम भी घोषित किया था।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *