इंदरगंज एवं बारादरी के यातायात को बेहतर बनाने का कार्य किया जायेगा 

इंदरगंज चौराहे का किया निरीक्षण, वैकल्पिक पार्किंग की संभावनाओं को भी तलाशा 
ग्वालियर सड़क सुरक्षा समिति में मुरार बारादरी एवं इंदरगंज चौराहे के यातायात को व्यवस्थित करने के लिये लिए गए निर्णय के परिपालन में कलेक्टर रुचिका चौहान एवं पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह ने गुरुवार को इंदरगंज चौराहे का भ्रमण किया और स्थानीय व्यापारियों से चर्चा भी की। इस मौके पर स्थानीय व्यापारियों के साथ ही नगर निगम के अपर आयुक्त मुनीष सिंह सिकरवार, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व विनोद सिंह, डीएसपी ट्रैफिक सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
क्षेत्र का भ्रमण कर यातायात व्यवस्था का जायजा लिया तथा व्यापारियों से भी यातायात व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त बनाने के लिये सहयोग करने की अपेक्षा की। उन्होंने दाल बाजार का भ्रमण करते हुए स्थानीय व्यापारियों की दोपहिया एवं चार पहिया वाहन अन्यत्र पार्किंग करने की बात कही। अपनी दुकान के बाहर सामग्री न रखें। इससे यातायात प्रभावित होता है। समझाइश के बाद भी जो दुकानदार अपनी दुकानों के बाहर सामान रखेंगे उनके विरूद्ध कार्रवाई भी प्रशासन द्वारा की जायेगी।
यातायात सुधार के लिये अपने स्तर से व्यापारियों की बैठक करें और जो आवश्यक सुझाव हैं उसको लेकर 3 फरवरी को जिला प्रशासन के साथ आयोजित होने वाली बैठक में रखें। निरीक्षण के दौरान व्यापारियों द्वारा बताया गया कि पूर्व जिला न्यायालय परिसर में भी पार्किंग के लिये रिक्त स्थान हैं, इसके लिये जिला न्यायालय से संपर्क कर पार्किंग की अनुमति ली जाए ताकि वहाँ पर वाहन पार्किंग हो सकें।
अपने कंडम वाहन सड़क पर पार्क न करें। जिन लोगों ने भी कंडम वाहन सड़क पर पार्क कर रखें हैं वे तत्काल उन्हें हटा लें। निर्धारित समय के पश्चात ऐसे वाहनों को पुलिस एवं प्रशासन के माध्यम से हटाने की कार्रवाई की जायेगी। उन्होंने चौराहे पर छोटे-छोटे ठेले एवं अन्य व्यवसाय करने वाले दुकानदारों से भी कहा है कि वे अपने व्यवसाय इस प्रकार करें कि किसी भी प्रकार से यातायात प्रभावित न हो। इसके साथ ही साफ-सफाई का भी विशेष ध्यान रखें।
कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने इंदरगंज चौराहा के साथ ही दाल बाजार, पूर्व जिला न्यायालय परिसर, नगर निगम की मैकेनिकल पार्किंग का भी अवलोकन किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इंदरगंज चौराहे के साथ ही मुरार के बारादरी चौराहे पर भी यातायात को सुगम बनाने की दिशा में शीघ्र ही भ्रमण एवं कार्रवाई की जायेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *