MP में पंडित धीरेन्द्र शास्त्री की पदयात्रा में बड़ा हादसा, कई महिलाएं घायल
नौगांव. बागेश्वर धाम प्रमुख पंडित धीरेन्द्र शास्त्री की हिंदू एकता पदयात्रा के दौरान हादसा होने से हडकंप मच गया। हादसा उस वक्त हुआ जब पंडित धीरेन्द्र शास्त्री की यात्रा रंगरेज मोहल्ले के चौराहे से गुजर रही थी। यात्रा और पंडित धीरेन्द्र शास्त्री को देखने के लिए महिलाएं यहां पर एक मकान के छज्जे पर बैठी हुई थीं इसी दौरान मकान का छज्जा भरभरा कर गिर गया जिससे महिलाएं घायल हुई हैं और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बागेश्वर बाबा धीरेन्द्र शास्त्री की पदयात्रा शनिवार की देर शाम नौगांव पहुंची थी जहां पदयात्रा और धीरेन्द्र शास्त्री के दर्शन करने के लिए भारी संख्या में लोग पहुंचे थे। पदयात्रा रंगरेज मोहल्ले के चौराहे से गुजर रही थी तभी चौराहे पर बने एक मकान के छज्जे पर बैठकर महिलाएं यात्रा देख रही थीं तभी अचानक छज्जा भरभरा कर गिर गया। हादसा इतना भयानक था कि देखने वालों के होश उड गए और चीख पुकार मच गई। तुरंत लोग मदद के लिए आगे आए और छज्जे को हटाकर घायल महिलाओं को अस्पताल पहुंचाया।
घटना में 7 से ज्यादा महिलाएं घायल हुई हैं जिनमें से 5 को ज्यादा चोटें आई हैं और उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है। घायलों में अधिकतर एक ही परिवार के सदस्य हैं जिसमें राजकुमारी चौबे. रोशनी चौबे, अंशुमान चौबे, सुमन चौबे, मंजू राजा कल्पना चौबे, अरविंद चौबे और तमन्ना चौबे उम्र 6 वर्ष,बताया जा रहा है। जिस मकान का छज्जा गिरा है वो करीब 50 साल पुराना है जो कि जर्जर हो चुका है।
