डिप्टी सीएम आउटसोर्स कर्मचारियों पर भड़के, बोले सबको निकालो
रीवा. डिप्टी सीएम आवास घेरकर बैठे आउटसोर्स कर्मचारियों पर डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल नाराज हो गए। उन्होंने कहा कि इन सबको निकलवाना है नए आदमियों की भर्ती करेंगे। पहले तो हाथ जोडकर नौकरी मांगते है फिर दादागीरी करते है। दरअसल आउटसोर्स कर्मचारी शनिवार दोपहर से डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल के आवास के बाहर उनसे मुलाकात और विरोध जताने के लिए बैठै थे जिसके बाद डिप्टी सीएम उनसे मिलने के लिए बाहर आ गए। आते ही भडक गए। उन्होंने मौके पर ही थाना प्रभारी को गिरफ्तारी के निर्देश दे दिए साथ ही आउटसोर्स और सफाई कर्मचारियों को जमकर फटकार भी लगाई।
5 दिनों से प्रदर्शन कर रहे आउटसोर्स कर्मचारी
रीवा में संजय गांधी अस्पताल, सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल और गांधी मेमोरियल में आउटसोर्स कर्मचारी 13 सूत्रीय मांगों को लेकर लगातार प्रदर्शन पर हैं। शनिवार को 5वें दिन भी आउटसोर्स कर्मचारियों का प्रदर्शन जारी रहा। बता दें कि ये कर्मचारी श्याम शाह मेडिकल कॉलेज के बाहर अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। बुधवार रात कैंडल मार्च भी निकाल चुके हैं। शनिवार दोपहर को सभी कर्मचारी इकट्ठे होकर डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल के आवास पहुंचे और यहीं बैठ गए। सुरक्षा के लिहाज से मौके पर भारी पुलिस बल भी पहुंचा। जिसके बाद डिप्टी सीएम उनसे मिलने बाहर आए।
हड़ताली कर्मचारियों पर गंदगी फैलाने के आरोप
अस्पताल प्रबंधन आउटसोर्स कर्मचारियों को मनाने की कोशिश कर रहा है, लेकिन आउटसोर्स कर्मचारी मानने के लिए तैयार नहीं हैं। अस्पताल प्रबंधन का आरोप है कि हड़ताल में बैठे कर्मचारियों ने अस्पताल में गंदगी फैलाने का प्रयास किया, जिसके बाद माहौल बिगड़ गया। इसकी अस्पताल प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी है।
