MP में कोल कंपनी से जुड़े तीन लोगों के ठिकानों पर छापा, CBI ने 4 करोड़ रुपए कैश बरामद किया
सिंगरौली. सीबीआई ने नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड के 2 अधिकारियों और एक सप्लायर के ठिकानों पर छापा मारा है। टीम ने अब तक 4 करोड रुपए कैश बरामद किया है। एनसीएल के सप्लायर रवि सिंह को गिरफ्तार किए जाने की भी खबर है। हालांकि अभी इसकी पुष्टि नहीं की गई है। बता दें कि जबलपुर से आई सीबीआई की टीम ने रविवार सुबह ये कार्रवाई की जो अभी भी जारी है। सीबीआई टीम की ओर से कार्रवाई को लेकर कुछ नहीं बताया गया है। सीबीआई की टीम में रीब 22 सदस्य शामिल है। जांच एजेंसी की तीन टीमों ने मिलकर कार्रवाई की है।
यहां मारा सीबीआई ने छापा
सीबीआई की टीम सबसे पहले एनसीएल के सीएमडी बी साईराम के पीएम सूबेदार ओझा के आवास पर पहुंची। यहां उसने पूछताछ की साथ ही दस्तावेजों की जांच की। इसी दौरान सीबीआई टीम के बाकी सदस्यों ने एनसीएल के सुरक्षा विभाग में पदस्थ सीनियर ऑफिसर बीके सिंह के यहां भी दबिश दी साथ ही एनसीएल के सप्लायर रवि सिंह के घर पर भी कार्रवाई की।
सप्लायर के यहां मिला डेढ़ करोड़ कैश
एनसीएल के सप्लायर रवि सिंह के यहां से सीबीआई टीम ने डेढ़ करोड़ रुपए नकद बरामद किए हैं। सीबीआई ने रवि सिंह को उनके आवास से गिरफ्तार कर उन्हें सिंगरौली कोतवाली पुलिस के सुपुर्द कर दिया है। हालांकि टीम ने इसकी पुष्टि नहीं की है।
ट्रामा सेंटर में भर्ती हुआ सप्लायर रवि सिंह
सीबीआई की कार्रवाई के दौरान सप्लायर रवि सिंह ने खुद के अस्वस्थ होने की बात कही। जिसके बाद कोतवाली पुलिस ने उसे ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया है। बताया जा रहा है कि रवि सिंह एनसीएल का सबसे बड़ा सप्लायर है। वो कंपनी को विभिन्न प्रकार की महंगी मशीनें और उनके पार्ट उपलब्ध कराता है।
