केन्द्रीय जेल में रक्षाबंधन पर बंदियों की  बहनें अपने भाइयों को बांध सकेंगी राखी 

बाहरी सामग्री रहेगी प्रतिबंधित, जेल केंटीन से ली जा सकेगी रक्षाबंधन किट
ग्वालियर – केन्द्रीय जेल के बंदियों की बहनों को रक्षाबंधन के अवसर पर राखी बांधने के लिए प्रत्यक्ष मुलाकात की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। राज्य शासन के जेल विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए बहनें केंद्रीय जेल में अपने भाइयों को  रक्षा-सूत्र बांध सकेंगी।
जेल अधीक्षक से प्राप्त जानकारी के अनुसार रक्षाबंधन पर बंदियों से मुलाकात के लिए उनकी बहनों के नाम प्रात: 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक लिखे जाएंगे। उन्हीं बहनों की दिन में 3 बजे मुलाकात कराई जाएगी। मुलाकात के लिए आने वाली बहनों को जेल नियमों का पालन करना होगा। बाहरी सामग्री पूर्णत: प्रतिबंधित रहेगी।
बहने अपने साथ कोई प्रतिबधित सामग्री जैसे मोबाइल फोन व मादक पदार्थ इत्यादि नहीं ला सकेंगी। जेल कैंटीन से रक्षाबंधन की विशेष किट खरीदी जा सकेगी, जिसमें राखी, मिठाई, कुमकुम व अक्षत आदि उपलब्ध रहेगा। मुलाकात के लिए आने वाली बहनों से सहयोग का आग्रह किया गया है। वे पूरे समय सी.सी.टी.व्ही कैमरों की निगरानी में रहेंगी। अव्यवस्था फैलाने पर जेल नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *