स्व. प्रभात झा की श्रद्धांजलि सभा में मुख्यमंत्री ने श्रद्धा-सुमन अर्पित किए 

ग्वालियर – मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शनिवार को स्व. प्रभात झा की श्रद्धांजलि सभा में शामिल हुए और श्रद्धा-सुमन अर्पित किए। उन्होंने स्व. प्रभात झा को याद करते हुए कहा कि वे छोटे से छोटे कार्यकर्ता की चिंता करते थे। स्व. झा ने सही मायने में अभिभावक की भूमिका का निर्वहन किया। उनका सम्पूर्ण जीवन हम सबके लिए अनुकरणीय है। मुख्यमंत्री ने कहा कि विद्यार्थी परिषद के समय से मेरे प्रभात झा जी के साथ आत्मीय संबंध रहे। उनके विचार हम सबका मार्गदर्शन करते रहेंगे।
ग्वालियर में कैंसर अस्पताल परिसर स्थित शीतला सहाय सभागार में स्व. प्रभात झा को श्रद्धा-सुमन अर्पित करने के लिये श्रद्धांजलि सभा आयोजित हुई। श्रद्धांजलि सभा में विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि प्रभात झा संकल्प के धनी थे और जो कहते थे उसे करके दिखाते थे। अभाव में भी कैसे सफलतापूर्वक भूमिका निभाई जा सकती है इसकी झलक प्रभात झा जी के व्यक्तित्व व कृतित्व में साफ दिखाई देती थी। उन्होंने न केवल प्रखर पत्रकारिता की बल्कि संकल्पबद्ध होकर संगठन का काम किया।
सांसद भारत सिंह कुशवाह ने केन्द्रीय मंत्री एवं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा स्व. प्रभात झा को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिये भेजे गए शोक संदेश का वाचन किया। नारायण सिंह कुशवाह ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि प्रभात झा से मिला मार्गदर्शन हम सभी को सदैव संबल प्रदान करता रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *