कांग्रेस की जनआक्रोश रैली में फायरिंग के मामले में 3 आरोपी गिरफ्तार

दतिया – कांग्रेस पार्टी द्वारा 8 अगस्त को दतिया में निकाली गई जनआक्रोश रैली में पार्टी के ही दो पक्षों में हुए विवाद के दौरान की गई फायरिंग के मामले में पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने प्रारंभिक जांच में पाया कि जिस 315 बोर रायफल से फायरिंग की गई थी, वह आरोपी सचिन गुर्जर के ताऊ (परिजन) भारतसिंह के नाम पर है। इस प्रकरण में पुलिस ने शस्त्र लाइसेंस निलंबन की भी कार्यवाही शुरू कर आर्म्स एक्ट की धारा बढ़ा दी है। इस प्रकरण में कोतवाली थाने में प्रकरण दर्ज कर गुरुवार को ही आरोपी सचिन गुर्जर पुत्र रामपाल सिंह गुर्जर निवासी ग्राम खिरिया थाना पंडोखर तथा रामू गुर्जर पुत्र भारत सिंह निवासी सदर (पूर्व कांग्रेस युवा जिला अध्यक्ष) को गिरफ्तार कर लिया गया था। वहीं तीसरे आरोपी पवन मुदगल पुत्र संतोष मुदगल निवासी ग्राम घनौती पंडोखर को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
घटनास्थल पर उपस्थित लोगों, पुलिस कर्मचारियों से की गई पूछताछ और सोशल मीडिया में घटना के संबंध में वायरल वीडियो के अवलोकन से भी यह पाया गया कि आरोपी रामू गुर्जर (पूर्व कांग्रेस युवा जिला अध्यक्ष) के साथी सचिन गुर्जर द्वारा 315 बोर की लाइसेंसी राइफल से फरियादीगण पर फायर किया गया है। इन सभी साक्ष्यों को विवेचना में शामिल किया जा रहा है। आरोपी रामू गुर्जर (पूर्व कांग्रेस युवा जिला अध्यक्ष) द्वारा स्वयं पर हमला होने के संबंध में सोशल मीडिया में दी गई बाइट पूर्णतः भ्रामक एवं निराधार है।
गौरतलब है कि धीरपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम सुंदरपुरा निवासी फरियादी रोहित गुर्जर ने पुलिस को बताया कि गुरुवार, 8 अगस्त को कांग्रेस की जनआक्रोश रैली किला चौक से पुरानी कचहरी जा रही थी, तभी रास्ते में सीता सागर के पास रामू गुर्जर (पूर्व कांग्रेस युवा जिला अध्यक्ष) व उनके साथी सचिन गुर्जर डीजे पर गलत भाषण दे रहे थे। फरियादी रोहित और उसके चचेरे भाई परवेन्द्र गुर्जर ने दोनों को गलत भाषण देने से रोका। इस पर आरोपी रोहित से विवाद करने लगे, इस बीच उपस्थित लोगों ने बीच-बचाव किया। जनआक्रोश रैली समाप्त होने के बाद रोहित गुर्जर और चचेरा भाई परवेन्द्र गुर्जर हिंदूजा मॉल के पास शाम लगभग 4:30 बजे खड़े थे, तभी कार में आए रामू गुर्जर (पूर्व कांग्रेस युवा जिला अध्यक्ष), सचिन गुर्जर, पवन मुदगल व तीन अन्य लोग रैली के दौरान हुए विवाद के बारे में बातचीत करने लगे। इस दौरान सचिन गुर्जर ने रोहित पर कार के अंदर से रायफल से फायर किया। गोली फरियादी के बाएं कान के पास से निकली और गाड़ी के शीशे पर टकराई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *