शहर की महत्वपूर्ण सड़क निर्माण में बाधा बन रहे अतिक्रमण हटाए 

जिला प्रशासन, नगर निगम, पुलिस व पीडब्ल्यूडी की संयुक्त टीम ने की कार्रवाई 
ग्वालियर – शहर से होकर गुजर रही पुरानी एबी रोड़ चौड़ीकरण में रामाजी का पुरा से कटीघाटी तक के हिस्से में बाधा बन रहे अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शनिवार को शुरू की गई। जिला प्रशासन, नगर निगम, लोक निर्माण व पुलिस की संयुक्त टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। टीम द्वारा एबी रोड़ के अस्थायी अतिक्रमण मसलन टीनशेड, चबूतरे व गुमटियां इत्यादि हटाई गईं। साथ ही पक्के निर्माण हटाने के लिये संबंधित लोगों को 3 दिन की और मोहलत दी गई है।
एसडीएम ग्वालियर सिटी अतुल सिंह ने बताया कि पुरानी एबी रोड़ के चौड़ीकरण में बाधा बन रहे अतिक्रमणों को हटाने के लिये नगर निगम द्वारा पिछले 6 माह से संबंधित लोगों को लगातार नोटिस दिए जा रहे हैं। साथ ही एक हफ्ते पहले अधिकारियों ने मौके पर पहुँचकर लोगों को स्वत: ही अतिक्रमण हटाने के लिये समझाइश भी दी गई थी। जिन लोगों ने बार-बार मौका दिए जाने के बाबजूद अतिक्रमण नहीं हटाए हैं, ऐसे लोगों के अस्थायी अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शनिवार को शुरू की गई। साथ ही स्थायी अतिक्रमण हटाने के लिये एक बार फिर से 3 दिन की मोहलत दी गई है। उन्होंने बताया कि शहर की अत्यंत महत्वपूर्ण सड़क के चौड़ीकरण कार्य में रूकावट डाल रहे अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
शनिवार को सड़क से अतिक्रमण हटाने के लिये गई टीम में एसडीएम ग्वालियर, अपर आयुक्त नगर निगम मुनीष सिकरवार, तहसीलदार सतेन्द्र सिंह, बहोड़ापुर थाना प्रभारी सहित बहोड़ापुर एवं अन्य पुलिस थानों का पुलिस बल, नगर निगम का मदाखलत दस्ता और पीडब्ल्यूडी के अधिकारी-कर्मचारी शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *