अवैध कालोनियों में हुई कार्रवाई की लेंगे रिपोर्ट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय
भोपाल. प्रदेश में अवैध कॉलोनियों को लेकर सख्त मोहन यादव सरकार अब इस मामले में नगर निगम महापौर और निगमायुक्तों से जवाब तलब करेगी। इसको लेकर नगरीय विकास द्वारा एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन शुक्रवार को मंत्रालय में किया गया है। इस कार्यशाला में नगरीय निकायों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए आय के स्त्त्रोत विकसित करने पर भी चर्चा की जाएगी और जनप्रतिनिधियों व अफसरों से सुझाव लिए जाएंगे। बैठक मं निकायों में नियमों के उल्लंघन और शासन द्वारा योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर दी गई राशि का दूसरे कामों में उपयोग किए जाने पर भी अफसरों को हिदायत दिया जाना तय बताया जा रहा है।
प्रदेश के सभी 16 नगर निगम के महापौर, निगम आयुक्त शुक्रवार को भोपाल में जुटेंगे। यहां नगरीय विकास और आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय मंत्रालय में महापौरों और आयुक्तों के साथ एकदिवसीय कार्यशाला में निगम से जुडे विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करेंगे। इसमें सरकार की प्रमुख योजनाओं के और कार्यक्रमों के क्रियान्वयन में आने वाली दिक्कतों की जानकारी महापौर और आयुक्त से ली जाएगी। मंत्री विजयवर्गीय और प्रमुख सचिव नगरीय विकास और आवास विभाग नीरज मंडलोई के अलावा नगरीय विकास के अन्य अधिकारी इस बैठक में मौजूद रहेंगे और निगमों की समस्याओं के मामले में त्वरित एक्शन लेने और कमियों की जानकारी देने का काम करेंगे। बैठक में राज्य स्तर से नगर निगमों को क्या सहयोग अपेक्षित है इसकी भी जानकारी ली जएगी इसके साथ ही नगर पालिका निगम अधिनियमों के अंतर्गत नए संशोधित नियमों और निर्देशों के बारे में भी जानकारी दी जाएगी साथ ही इससे संबंधित प्रस्ताव भी लिए जाएंगे। बैठक में निकायों के अन्य महत्वपूर्ण विषयाों पर भी चर्चा होगी।
