सोना 12,750 रुपए हुआ महंगा
ग्वालियर. एक तरफ इन दिनों सराफा बाजार में सहालग की मांग निकली हुई है। वहीं दूसरी ओर दोनों कीमती धातु सोना और चांदी के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। स्टैंडर्ड सोना की अगर बात की जाए तो साल भर में 12,750 रुपए प्रति दस ग्राम और पक्की चांदी 19,700 रुपए प्रति किलो तक महंगी हो चुकी है। ऐसे में सहालग के सीजन में सोना और चांदी खरीदने वालों का पसीना निकल रहा है। हालांकि सोना-चांदी के निवेश करने वालों की बल्ले-बल्ले हो रही है। लगातार बढ़ते दामों के चलते जिन परिवारों में चार माह बाद शादियां हैं वे अभी से इनकी खरीदारी कर रहे हैं। सराफा कारोबारियों की मानें तो जल्द ही सोना और चांदी के दाम एक लाख के पार हो सकते हैं।
ये है आज का रेट
ग्वालियर में आज सोने की रेट की बात करें तो 24 कैरेट सोने का भाव आज प्रति 10 ग्राम 75,850 रुपए चल रहा है. जबकि, इससे पहले तक 24 कैरेट सोने का भाव 75,650 रुपए प्रति 10 ग्राम चल रहा था। वहीं चांदी 92,000 रुपए प्रति किलोग्राम के हिसाब से बिक रही है जबकि, इससे पहले तक चांदी की कीमत 91,000 रुपए प्रति किलोग्राम चल रही थी।
वेट में लाइट और दिखने में हैवी ज्वेलरी की जा रही पसंद
गहना ज्वेलर्स के बिजनेस हेड मोहित कुमार सोनी ने बताया कि सोना और चांदी के दाम थमते नहीं दिख रहे हैं। सोने में एक हजार रुपए का करेक्शन आता है तो दो हजार रुपए बढ़ जाते हैं। ऐसे में आने वाले सीजन के सहालग के लिए लोग अभी से खरीदारी करने में जुट गए हैं। यूथ का भी सोने में विश्वास काफी बढ़ा है, इसके साथ ही निवेशकों को अच्छा रिटर्न मिलने से उनका कॉन्फिडेंस लेबल भी काफी बढ़ चुका है।
