पुलिस हिरासत में आग से जलकर दूल्हे की मौत

जिला अस्पताल के बाहर 8 थानों का पुलिस फोर्स तैनात किया गया है।

गुना. पुलिस की हिरासत में पारदी युवक की मौत का आरोप है। युवक और उसके चाचा का किसी डकैती के केस में पूछताछ के लिये पकड़ा गया था। रविवार का युवक की बारात जानी थी। इसके ठीक पहले पुलिस उसे पकड़कर ले गयी। युवक की मौत की खबर सुनकर रविवार की देर रात समाज के लोग जिला अस्पताल में जमा हो गये। अस्पताल में युवक की होने वाली दुल्हन ने स्वयं पर पेट्रोल छिड़क कर सुसाइड की कोशिश की। चाची ने पेट्रोल डालकर कर आग लगा ली, बचाने में एसडीओपी झुलस गये। मामला जिले के बीलाखेडी का है। परिजन भोपाल में पोस्टमार्टम कराने की मांग पर अड़े थे, लेकिन पोस्टमार्टम गुना जिला अस्पताल में ही हुआ। इस बीच 8 थानों का पुलिस बल 3 एसडीएम तहसीलदारों सहित राजस्व विभाग का अमला मौजूद रहा। पीएम के बाद बॉडी परिजन के सुपुर्द कर दी गयी। युवक पर 7 अपराध दर्ज है।

युवक की दुल्हन को पुलिस ने आत्मदाह करने से रोका, इसके कुछ देर बाद उसकी चाची ने खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली।
पुलिस बारातियों को ट्रेक्टर में भरकर ले गयी
बीलाखेडी के रहने वाले देवा पारदी की बारात गांव से गुना शहर के गोकुलसिंह चक्क पर आने वाली थी। शाम 4.30 बजे पुलिस गांव में पहुंची, जिस ट्रेक्टर पर बारात जाना थी उसी पर देवा और उसके चाचा गंगाराम को पुलिस ले गयी। देवा की चाची और गंगाराम पारदी की पत्नी सूरजबाई के अनुसार हम भी पीछे-पीछे झागर चौकी पहुंचे। पुलिस ने कहा था कि एक गाड़ी की बरामदगी करनी है। इसलिये उसे लेकर आये हैं। देर रात जिला अस्पताल में सूचना मिली कि एक पारदी युवक को पोस्टमार्टम रूम में लाया गया है। अस्पताल पहुंचकर पता चला है कि पुलिस हिरासत में देवा की मौत हो गयी है।
13 जुलाई की शाम पारदी गिरोह ने पुलिस टीम पर किया था हमला
यह पूरा मामला 13 जुलाई की शाम 5 बजे से शुरू हुआ। धरनावदा थाने से महज 8 किमी दूर पारदी गिरोह ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया था। 10 पुलिसकर्मी घायल हुए थे। 13 जुलाई की रात 1.30 बजे मामले में एफआईआर दर्ज की गई।
इस एफआईआर के मुताबिक, भोपाल और राजगढ़ की पुलिस टीम अपने जिले में हुई चोरी के आरोपियों की तलाश में झागर चौकी आई थी। सहायता के लिए रूठियाई चौकी और धरनावदा थाने का पुलिस बल भी झागर चौकी पहुंचा। सभी ने मिलकर गांव में दबिश दी। इस दौरान पारदियों ने पुलिस टीम पर हमला किया। गोलियां चलाईं और पत्थर फेंके।
सीने में दर्द उठने के बाद हुई मौत
एडिशनल एसपी मान सिंह ठाकुर ने बताया कि म्याना इलाके के भिड़रा गांव में हुई चोरी के संबंध में पूछताछ के लिए देवा पारदी और गंगाराम पारदी को पुलिस ने हिरासत में लिया था। रविवार शाम दोनों को चोरी हुए सामान की रिकवरी के लिए ले जा रहे थे। इसी दौरान देवा के सीने में दर्द उठा। उसे तत्काल म्याना के अस्पताल ले जाया गया। वहां से जिला अस्पताल लाया गया। यहां लगभग 45 मिनट तक उसका इलाज चला। सीपीआर भी दिया गया, लेकिन उसे बचा नहीं जा सका।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *