BJP को दिसंबर तक मिल सकता है नया राष्ट्रीय अध्यक्ष

नई दिल्ली. भाजपा को जल्द नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिल सकता है। जानकारी के अनुसार बीजेपी दिसंबर तक नए अध्यक्ष के नाम पर मुहर लगा सकती है। बतौर अध्यक्ष जेपी नड्डा का कार्यकाल समाप्त हो गया है। बता दें कि जेपी नड्डा का कार्यकाल जून, 2024 तक बढ़ा दिया गया था, लेकिन उन्हें सरकार में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की जिम्मेदारी मिली है। ऐसे में अब पार्टी को नए अध्यक्ष की तलाश कर रही है।
इस तारीख से शुरू होगी प्रक्रिया
BJP का लक्ष्य इस साल दिसंबर तक नया राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त करना है। इस पद के लिए चुनाव प्रक्रिया 1 अगस्त से शुरू होगी। शुरुआत में सदस्यता अभियान चलाया जाएगा, जो 15 सितंबर तक चलेगा। इसके बाद 16 सितंबर से 30 सितंबर तक सक्रिय सदस्यता अभियान चलेगा। इसके साथ ही 15 अक्टूबर तक सक्रिय सदस्यता का सत्यापन किया जाएगा। 1 से 15 नवंबर तक मंडल अध्यक्षों का चुनाव होगा। वहीं 16 से 30 नवंबर तक जिला अध्यक्षों के चुनाव होंगे।
प्रदेश अध्यक्षों के बाद चुना जाएगा राष्ट्रीय अध्यक्ष
भाजपा के सूत्रों के अनुसार, मंडल और जिला अध्यक्ष चुनाव के बाद प्रदेश परिषद और केंद्रीय परिषद के सदस्यों का चुनाव होगा। इन चुनावों के बाद प्रदेश अध्यक्षों के चयन की प्रक्रिया एक दिसंबर से शुरू होगी। 50% राज्यों में चुनाव संपन्न होने के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव की आधिकारिक प्रक्रिया शुरू होगी। पार्टी संविधान के मुताबिक हर सदस्य को हर 9 साल में अपनी सदस्यता का नवीनीकरण कराना होता है।
अध्यक्ष पद की रेस में कौन-कौन हैं
अध्यक्ष पद के लिए जिस नाम की सबसे ज्यादा चर्चा है वह हैं विनोद तावड़े। अन्य पिछड़ा वर्ग समुदाय से आने वाले विनोद तावड़े महाराष्ट्र राज्य मंत्री रह चुके हैं। इसके अलावा राष्ट्रीय महासचिव सुनील बंसल का नाम भी चर्चा में बना हुआ है। सुनील बंसल को गृह मंत्री अमित शाह का करीबी माना जाता है।साथ ही वह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पूर्व प्रचारक रह चुके हैं। वहीं बीजेपी के संगठन महासचिव बीएल संतोष भी अध्यक्ष पद के प्रमुख दावेदार हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *