ग्वालियर रेलवे स्टेशन पर चल रहा निर्माण कार्य बना यात्रियों के लिए मुसीबत रेलवे महाप्रबंधक कर सकते हैं निरीक्षण
ग्वालियर. रेलवे स्टेशन पर चल रहा निर्माण कार्य यात्रियों के लिए मुसीबत बन चुका है, क्योंकि टूटा प्लेटफार्म और ऊपर से छत गायब होने से प्लेटफार्म नंबर एक पर बैठने के लिए भी जगह नहीं बची है। हालात यह है कि प्लेटफार्म पर आगे झांसी साइड की ओर पैदल चलने में भी यात्रियों को डर लगता है। प्लेटफार्म टूटा होने से आवागमन के लिए कम ही जगह है। जिस पर सामान लेकर यात्रियों को चलने में खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सबसे अधिक परेशानी महिला, बुजुर्ग और बच्चों को उठानी पड़ रही है। इधर, उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक रेलवे स्टेशन का निरीक्षण करने के लिए आ सकते हैं। जिसको लेकर ग्वालियर रेलवे स्टेशन पर तैयारियां फिर से शुरू हो चुकी हैं।
रेलवे अफसरों का कहना है कि स्टेशन पर पुनर्विकास का काम चल रहा है, जिसका निरीक्षण किया जा सकता है। हालांकि इसकी अधिकारिक पुष्टि नहीं की जा रही है पर जिस तरह से तैयारियां चल रही हैं उससे यही माना जा रहा है कि महाप्रबंधक अशोक वर्मा श्योपुर ब्राडगेज लाइन का निरीक्षण कर सकते हैं।
सामान्य और एसी कोच के यात्रियों को अधिक परेशानी
दिल्ली से भोपाल की ओर जाने वाली ट्रेन में इंजन के बाद सामान्य और फिर एसी कोच लगे होते हैं। प्लेटफार्म नबंर एक झांसी एंड पर पूरी तरह से टूटा पड़ा है। जब प्लेटफार्म पर ट्रेन पहुंचती है तो सामान्य कोच से उतरने व चढ़ने वाले यात्रियों की संख्या अधिक होती है और उनके पास सामान भी होता है। ऐसे में कम जगह में आवागमन करने में खासी परेशानी उठानी पड़ रही है, लेकिन यात्रियों की इस परेशानी रेलवे प्रबंधन कोई ध्यान नहीं दे रहा है जिसके कारण किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है।
