क्यों ढह रहे हैं बिहार के पुल, अभी तक 12 गिरे, सुप्रीम कोर्ट पहुंचा मामला
नई दिल्ली. बिहार में लगभग प्रतिदिन क्या नये, क्या पुरान या क्या निर्माणाधीन पुल एक -एक करके जल समाधि ले रहे हैं। बुधवार को तो हद ही हो गयी जब राज्य के 2 जिलों सीवान और छपरा में एक ही दिन में 5 पुल ढह गये। ऐसा लगता है कि पुल-पुलिया गिरने का मौसम चल रहा है। लगातार पुल गिरने की इन घटनाओं को देेखते हुए सुप्रीम कोर्ट में जनहित याचिका डाली गयी है। एडवोकेट ब्रजेश सिंह ने सुप्रीम कोर्ट में रिट याचिका दाखिल कर राज्य में मौजूद और हाल के वर्षो में हुए छोटे-बड़े पुलों के सरकारी निर्माण का स्ट्रक्चरल ऑडिट कराने का आदेश देने की गुहार लगाई है।
इसके अलावा पुल समेत सरकारी निर्माण की रियल टाइम मॉनीटरिंगक के लिये एक समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिये एक नीति और उसके परिपालन के लिये गाइड लाइन तैयार करने का आदेश देने की भी गुहार लगाई गयी है।
12 पुल ढहने का जिक्र
याचिका में पिछले 2 वर्षो में 2 बड़े पुलों और छोटे, मझोले कई पुलों के निर्माणाधीन या बनने के तत्काल बाद गिरने, ढहने और बहने की घटनाओं का जिक्र किया गया है। याचिका में कहा गया है कि बिहार बाढ़ प्रभावित राज्य है। यहां 68,800 वर्ग किमी यानी 73.6 प्रतिशत भू-भाग भीषण बाढ़ की चपेट में आता है। याचिका में पिछले 2 वर्षो में 12 पुलों के ढहने -बहने की घटनाओं का हवाला दिया गया है। इसके साथ ही याचिका में बिहार सरकार, केन्द्रीय सड़क परिवहन और उच्च पथ मंत्रालय, हाइवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया, पथ निर्माण और परिवहन मंत्रालय, पुल निर्माण समेत कुल 6 पक्षकार बनाये गये हैं।
