शहर में ई-रिक्शा को दो शिफ्ट या दो से तीन जोन में बांटकर चलाने का विकल्प

ग्वालियर. शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम व सुव्यवस्थित बनाने के लिये ई-रिक्शा का प्रबंधन किया जा रहा है। इस सिलसिले में कलेक्टर रुचिका चौहान की अध्यक्षता और पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह की मौजूदगी में अहम बैठक हुई। शहर के सड़क यातायात को सुगम बनाने के लिये पंजीकृत ई-रिक्शा को 12–12 घंटे की शिफ्ट व शहर को तीन या दो जोन में बांटकर ई-रिक्शा के रूट निर्धारित करने के विकल्प बैठक में रखे गए।
इसमें तय किया गया कि इन विकल्पों को ई-रिक्शा चालकों की राय लेकर लागू किया जाएगा। ई-रिक्शा चालकों से राय लेने का काम यातायात पुलिस व अन्य संबंधित अधिकारी करेंगे। कलेक्ट्रेट के सभागार में आयोजित हुई बैठक में नगर निगम आयुक्त हर्ष सिंह, अपर कलेक्टर अंजू अरुण कुमार व टीएन सिंह, नगर के सभी एसडीएम, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी एचके सिंह व यातायात पुलिस के अधिकारी मौजूद थे।
कलेक्टर व पुलिस अधीक्षक ने यातायात पुलिस के अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहर के तिराहों व चौराहों पर ई-रिक्शा चालकों से बात कर ई-रिक्शा चलाने के लिए शिफ्ट व जोन निर्धारण के संबंध में राय लें। प्रयास ऐसे हों कि ज्यादा से ज्यादा ई-रिक्शा चालकों की मंशा सामने आए। अधिकारीद्वय ने कहा कि जिला प्रशासन व पुलिस ई-रिक्शा चालकों के हितों को ध्यान में रखकर शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए ई-रिक्शा संचालन के लिये रूट व शिफ्ट इत्यादि का निर्धारण किया जाएगा। साथ ही जनप्रतिनिधियों की सहमति से ई-रिक्शा प्रबंधन व्यवस्था को धरातल पर लाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *