T20 world cup विजेता टीम से मिले PM Modi, ट्रॉफी उठाकर टीम को शाबासी और देशवासियों को दी बधाई
नई दिल्ली. टी20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद टीम इंडिया गुरुवार सुबह भारत लौट आई। रोहित शर्मा एंड कंपनी के साथ ही टीम के सपोर्ट स्टाफ और कुछ मीडियाकर्मियों को लेकर आई एयर इंडिया की स्पेशल फ्लाइट ने सुबह 6.15 बजे नई दिल्ली में लैंड किया। इसके बाद एक-एक कर खिलाड़ी एयरपोर्ट से बाहर निकले और बस में सवार हुए। टीम यहां से आईटीसी मौर्या होटल गई। पूरे रास्ते फैन्स का हुजूम रहा। क्रिकेट प्रेमी वर्ल्ड चैंपियन्स का दीदार करने और स्वागत करने के लिए बेताब नजर आए।

पीएम मोदी से मुलाकात
खिलाड़ी कुछ देर होटल में रुके। यहां से पीएम आवास के लिए रवाना होने से पहले खिलाड़ियों ने स्पेशल केक काटा। यह केस टीम इंडिया की जीत की खुशी में बनाया गया था। विराट कोहली भी केक काटते नजर आए। यहां से खिलाड़ी स्पेशल बस में सवार होकर पीएम आवास के लिए रवाना हुए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बेहद हल्के-फुल्के माहौल में खिलाड़ियों से बात की।
बता दें कि रोहित शर्मा की कप्तानी में टीम इंडिया ने दक्षिण अफ्रीका को 7 रन से मात देकर टी20 विश्व कप जीता है। यह मुकाबला शनिवार को हुआ था, लेकिन उसके बाद बारबाडोस में मौसम बिगड़ गया। टीम इंडिया होटल में फंसी रही। मौसम साफ होने पर बीसीसीआई ने विशेष विमान की व्यवस्था की।
