वंदे भारत ट्रेन पर पथराव, 4 बोगियों के टूटे कांच
इटारसी. रेलवे द्वारा चलाई जा रही हाईस्पीड ट्रेन वंदे भारत एक्सप्रेस के रैक लगातार पत्थरबाजों के निशाने पर है। देर रात करीब 12 बजे रीवा से चलकर रानी कमलापति स्टेशन जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस के चार कोचों पर पथराव हुआ। इस घटना से रेल विभाग एवं सुरक्षा एजेंसियों में हडकंप मच गया।
खिडकियों के टूटे कांच, यात्री सुरक्षित
जानकारी के अनुसार इटारसी-पवारखेडा स्टेशन के बीच सुनसान जंगल में चार कोचों की खिडकियों पर लगातार अज्ञात युवकों ने पथराव किया। पथराव में चार कोच की खिडकियों के कांच टूट गए है और कई जगह क्रैक आ गए। घटना के समय अधिकांश यात्री गहरी नींद में थे, अचानक बाहर से हुए पथराव और कांच टूटने की आवाज से सारे यात्री सहम गए। कांच मोटा होने के कारण पत्थर अंदर तक नहीं आए वरना यात्री भी जख्मी हो सकते थे।
घटना की जांच में जुटा आरपीएफ
ट्रेन पर हुए पथराव की जानकारी रानी कमलापति स्टेशन पर पहुंचने के बाद पता चला कि यात्रियों ने भी इस पथराव की जानकारी कोच अटेंडर एवं टीटीई को दी। वंदे भारत एक्सप्रेस की सुरक्षा को लेकर रेलवे शुरूआती दौर से ही एहतियात बरत रही है। आरपीएफ अधिकारियों ने बताया कि मामले में जांच की जा रही है। रात की घटना होने के कारण मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया जिससे पत्थरबाजों का पता लगाया जा सके।
इन चार बोगियों में हुआ पथराव
इटारसी-पवारखेड़ा स्टेशन के बीच किमी. क्रं 745-10 से किमी. क्रं. 747-10 के बीच ट्रेन के कोच नं. सी-4 की बर्थ नं. 3-4, सी-5 की बर्थ नं. 23-24, सी-6 कोच की बर्थ 28-29, 33-34 एवं कोच नं. सी-7 की बर्थ नं. 13-14 में पथराव हुआ।
