बच्चों में ऊर्जा का संचार कर उनकी प्रतिभा को निखारने का सार्थक मंच है समर कैंप : DGP

भोपाल, – मध्यप्रदेश पुलिस की 7वीं, 23वीं एवं 25वीं बटालियन और नगरीय पुलिस द्वारा पुलिस परिवार के बच्चों के लिए आयोजित समर कैंप का बुधवार को समापन हुआ। भदभदा रोड स्थित 23वीं एवं 25वीं बटालियन के परेड ग्राउंड में हुए इस संयुक्त समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में डीजीपी सुधीर सक्सेना सपत्नीक उपस्थित हुए।
इस अवसर पर डीजीपी ने कहा कि एक माह तक चलने वाले समर कैंप से पुलिस परिवार के बच्चों में ऊर्जा का संचार हुआ है। समर कैंप में आयोजित गतिविधियां बच्चों की प्रतिभा को निखारकर उनके सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं, जिससे बच्चों में अनुशासन के साथ-साथ आत्मविश्वास बढ़ता है। एकेडमिक डेवलपमेंट के साथ पुलिस परिवार के सशक्तिकरण के लिए भी हमें प्रयास करने होंगे।
समग्र व्यक्तित्व विकास पर विशेष ध्यान केंद्रित-श्री शापू
एडीजी विसबल साजिद फरीद शापू ने स्वागत उद्बोधन में बताया कि इस समर कैंप में बच्चों के लिए सभी गतिविधियां नि:शुल्क आयोजित की गईं। पुलिस द्वारा शैक्षिक विशेषज्ञों और प्रशिक्षकों के सहयोग से शुरू किए गए ग्रीष्मकालीन शिविरों में भाग लेने वाले बच्चों के समग्र व्यक्तित्व विकास पर विशेष ध्यान केंद्रित किया गया।
सुमधुर गीतों की प्रस्तुति ने श्रोताओं को किया मंत्रमुग्ध
मेले में पुलिस ऑर्केस्ट्रा ने भी समां बांध दिया। सुमधुर गीतों के माध्यम से दी गई मनोरंजक प्रस्तुति ने सभी उपस्थितजन को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस दौरान ऑर्केस्ट्रा के सदस्यों ने जय हो, दिल है छोटा सा, मेरा नाम चिनचिनचू आदि कई गीतों की प्रस्तुति दी। इसके बाद कई देशभक्ति गीत और बच्चों को मुग्ध कर देने वाले गीतों की रंगारंग प्रस्तुति दी गई।
उत्साह से किया अतिथियों का स्वागत
समर कैंप की विभिन्न गतिविधियों में हिस्सा लेने वाले बच्चों ने अतिथियाें का स्वागत जुंबा डांस और गीत से किया। इस दौरान एथेलेटिक्स, बास्केटबॉल, बैंडमिंटन, क्रिकेट, फुटबॉल, मार्शल आर्ट, वॉलीबॉल आदि टीमों ने प्रस्तुति देकर अपना हुनर दिखाया। इस दौरान बच्चों ने समर कैंप के अपने अनुभवों को भी साझा किया। वहीं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की कड़ी में बच्चों द्वारा स्कूल चलें हम, कथक नृत्य “नटराजा”, देशभक्ति गीत “विजय भव:” की प्रस्तुतियां दीं गईं। कार्यक्रम में सभी बच्चों को डीजीपी और सभी अतिथियों ने पुरस्कार व प्रमाण पत्र वितरित किए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *