सालभर मेंटेनेंस के बाद भी जरा सी हवा में गुल हो रही बिजली
ग्वालियर. पूरे साल बिजली सब स्टेशन, ट्रांसफार्मर और लाइनों के मेंटेनेंस के बाद भी जरा सी हवा चलने पर बिजली गुल हो रही है। इससे गर्मी में शहरवासियों को राहत नहीं मिल पा रही है। बिजली कंपनी के अधिकारी इस सीजन में भी आए दिन सब स्टेशन, फीडर व लाइनों को मेंटेनेंस का कार्यक्रम बनाकर बैठे रहे और रोजाना 4 से 6 घंटे की कटौती अलग-अलग क्षेत्रों में होती रही। शनिवार को आंधी-बारिश में करीब 10 फीडरों पर बिजली व्यवस्था गडगडा गई। मेंटेनेंस के बाद भी शहर भर में रोजाना सप्लाई सिस्टम में फॉल्ट आ रहे है। इसे लेकर बिजली कंपनी के अधिकारियों का कहना है कि व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए मेंटेनेंस किया जाना जरूरी है लेकिन घोषित के साथ अघोषित कटौती ने सबसे ज्यादा लोगों को परेशानी में डाला है। अब फॉल्ट बिजली गुल का कारण बन रहे है। इसका बिजली कंपनी के पास कोई हल नहीं है।
फीडरों पर लोड बढ़ा, इसलिए फाल्ट से गुल हो रही बिजली
मौसम में गर्माहट बढ़ने के साथ बिजली की मांग और फाल्ट बढ़े हैं। ये फाल्ट दिनचर्या के साथ व्यापार को भी प्रभावित कर रहे हैं। कभी केबल जलने तो कभी डीओ (ड्राप आउट) फ्यूज टूटने से बार-बार बिजली गुल हो रही है, जिससे गर्मी के मौसम में लोगों की परेशानी बढ़ गई है। सबसे ज्यादा शिकायतें काल सेंटर पर पहुंच रही हैं। वहीं बिजली की यूनिट खपत भी तेजी के साथ बढ़ रही है। तापमान बढ़ने से यूनिट खपत भी अब दोगुना से ज्यादा हो चुकी है।
बिजली व्यवस्था सुचारु ढंग से चलती रहे, इसके लिए मेंटेनेंस बहुत जरूरी है। जहां फाल्ट की समस्या ज्यादा आ रही है वहां मानिटरिंग सिस्टम सख्त किया जा रहा है और जल्द से जल्द फाल्ट सुधारा जा रहा है।
-नितिन मांगलिक, महाप्रबंधक, सिटी सर्किल
