MP में महंगा हुआ मदर डेयरी दूध, प्रति लीटर 4 रुपए बढ़े दाम

भोपाल. सांची और अमूल के बाद अब मदर डेयरी ने भी दूध महंगा कर दिया है। मध्य प्रदेश में कीमतें 2 से 4 रुपए प्रति लीटर तक बढ़ी हैं। आज से ही रेट लागू हो गए हैं। मदर डेयरी ने अपने हर वैरिएंट में बढ़ोतरी की है। इससे पहले 12 नवंबर को अमूल और 14 नवंबर को सांची ने अपने दूध के रेट में इजाफा किया था।
दो दिन पहले नई दिल्ली में बढ़े थे रेट
मदर डेयरी ने 11 नवंबर को दूध की कीमतें बढ़ाई थी। यह रेट नई दिल्ली में लागू हुए थे। स्थानीय डिस्ट्रीब्यूटर्स के मुताबिक, मध्य प्रदेश में सांची या स्थानीय दूध संघों के रेट बढ़ाने पर ही यहां कीमतें बढ़ती हैं। इसलिए तत्काल कीमतें नहीं बढ़ी थी। चूंकि, अमूल के बाद सांची ने भी रेट में बढ़ोतरी की थी। इसलिए 14 नवंबर से ही मदर डेयरी ने भरी नई कीमतें लागू कर दी। प्रदेश में मदर डेयरी की रोजाना सप्लाई करीब डेढ़ लाख लीटर है। भोपाल में इसकी खपत करीब 25 हजार लीटर है। इसके अलावा मंडीदीप, इटारसी, नर्मदापुरम, सागर, विदिशा, ललितपुर, हरदा और इंदौर में भी इसकी सप्लाई होती है।
पैक्ड दूध में तीसरी सबसे ज्यादा सप्लाई
प्रदेश में पैक्ड दूध के मामले में सांची की सबसे ज्यादा खपत है। भोपाल में खुले दूध की रोजाना खपत 6 से 8 लाख लीटर है। पैकेट वाले दूध में सांची की औसतन 3 लाख लीटर रोजाना बिक्री होती है। वहीं, अमूल की खपत करीब 80 हजार लीटर है। फिर मदर डेयरी का नंबर आता है। इसके अलावा सौरभ, श्रीधी दूध की भी बिक्री होती है। सौरभ और श्रीधी की संयुक्त खपत करीब 1 लाख लीटर रोजाना है। इनकी सप्लाई भोपाल शहर के साथ ग्रामीण इलाकों में भी होती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *