जम्मू-कश्मीर और हिमाचल में बर्फबारी, मैदानी राज्यों में बारिश का अलर्ट; दिल्ली की हवा बेहद खराब
नई दिल्ली. वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के असर से देश के कई राज्यों में मौसम बदल गया है। उत्तर प्रदेश और राजस्थान में आज और कल बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में कई जगह बर्फबारी और बारिश हुई है। बर्फबारी के बाद बड़ी संख्या में टूरिस्ट मनाली पहुंच रहे हैं। इसके चलते चंडीगढ़-मनाली हाईवे पर ट्रैफिक जाम लग गया। उत्तराखंड के 7 जिलों में आज बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम में बदलाव के बीच दिल्ली में प्रदूषण से राहत नहीं मिली है। यहां हवा की गुणवत्ता लगातार गंभीर कैटेगरी में बनी हुई है। शनिवार सुबह दिल्ली के आईटीओ इलाके में एकक्यूआई 414 दर्ज किया गया। वहीं, गुरुग्राम में यह 324 रहा।

सैटेलाइट मैप में देखें बादलों की स्थिति
इसरो के सैटेलाइट ने अंडमान सागर के ऊपर बादलों की तेज गतिविधियों को कैप्चर किया है। यहां कम दबाव का क्षेत्र बन रहा है, जिससे नए चक्रवात बनने की आशंका है। चक्रवात बना तो इसका नाम ‘अकवान’ रखा जाएगा। यह नाम ईरान ने सुझाया है।

