दुग्ध उत्पादन में मध्यप्रदेश को देश का नंबर-1 राज्य बनायेंगे – मुख्यमंत्री 

कुलैथ में विशाल पशुपालक सम्मेलन एवं पशु मेले का हुआ आयोजन 
ग्वालियर 13 नवम्बर 2026/ ग्रामीण अर्थव्यवस्था में सड़क, बिजली, पानी व अन्य सुविधाओं का अपना महत्व है। लेकिन किसानों की समृद्धि सबसे ऊपर है। खेती-किसानी ही हमारी ग्रामीण अर्थव्यवस्था का आधार है। खेती का मतलब खाद्यान्न उत्पादन और किसानी का मतलब पशुपालन, बकरी पालन, कुक्कुट पालन, मत्स्य पालन, उद्यानिकी इत्यादि है। इस बात को ध्यान में रखकर सरकार किसानों की समृद्धि के लिये खेती के साथ-साथ उन्नत पशुपालन व दुग्ध उत्पादन को विशेष बढ़ावा दे रही है। उन्होंने कहा कि दुग्ध उत्पादन में मध्यप्रदेश को देश का नंबर-1 राज्य बनायेंगे। इसी उद्देश्य से किसानों को अनुदान पर उन्नत नस्ल के दुधारू पशु उपलब्ध कराए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि कहा सरकार आईबीएफ पद्धति से उन्नत नस्ल की 01 लाख बछिया तैयार कर प्रदेश के किसानों को उपलब्ध करायेगी। इससे दुग्ध उत्पादन बढ़ेगा और किसानों के घर में खुशहाली व समृद्धि आयेगी। सरकार साँची दूध ब्राण्ड को भी पूरा प्रोत्साहन देगी। शुक्रवार को ग्वालियर जिले के ग्राम कुलैथ में आयोजित हुए विशाल पशुपालक सम्मेलन एवं पशु मेले में बड़ी संख्या में मौजूद किसानों व पशुपालकों को संबोधित कर रहे थे।
खुशी की बात है ग्वालियर जिले के टेकनपुर निवासी पशुपालक श्री रामवीर सिंह की गाय को प्रतिदिन औसतन 14 लिटर से अधिक दूध देने के लिये 01 लाख रुपए का नगद पुरस्कार दिया गया है। इसी तरह किसान क्विज प्रतियोगिता के विजेता रहे प्रत्येक जिले के 3 – 3 किसानों को प्रथम पुरस्कार के रूप में ट्रेक्टर, द्वितीय पुरस्कार में बुलेट मोटरसाइकिल और तृतीय पुरस्कार में स्कूटी प्रदान की गई हैं। प्रदेश के सभी जिलों में बलराम कृषि महोत्सव आयोजित कराए। इन प्रयासों के जरिए हम किसानों की आय बढ़ाने के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं।
जगन्नाथ मंदिर के विकास के लिये 51 लाख रुपए देने की घोषणा 
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस अवसर पर कुलैथ क्षेत्र के विकास के लिये बड़ी-बड़ी सौगातों की घोषणा की। जिनमें कुलैथ स्थित पवित्र जगन्नाथ मंदिर के विकास के लिये 51 लाख रुपए की घोषणा शामिल है। पंचायत मेहदपुर में महेश्वरा से आगरा भटपुरा तक लगभग एक किलोमीटर सड़क, महेश्वरा से काली माता मंदिर तक लगभग डेढ़ किलोमीटर लंबी सड़क, ग्राम पंचायत तिलघना में प्रसिद्ध लंका वाले हनुमानजी महाराज मंदिर पर जाने के लिये सड़क निर्माण व अन्य विकास कार्य एवं ग्राम पंचायत सिगौरा में साडा रोड से सिगौरा तक सड़क बनवाने की घोषणा की गई। उन्होंने इस अवसर पर कुलैथ क्षेत्र के लिये अन्य विकास कार्यों की घोषणा भी की। जिसमें गाँव में एक सामुदायिक भवन का निर्माण शामिल है।
आधुनिक खेती में ग्वालियर जिला अग्रणी 
ग्वालियर जिला आधुनिक खेती व फूड प्रोसेसिंग के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रहा है। जिले में 619 फूड प्रोसेसिंग यूनिट संचालित हो रही हैं। ग्वालियर जिले में टिश्यू कल्चर पद्धति से आलू उत्पादन करने की दिशा में उल्लेखनीय काम हो रहा है। जिले के 25 हजार से अधिक किसान प्राकृतिक खेती से जुड़े हैं। यहां 70 हजार पशुपालक 4 लाख से अधिक पशुधन की सेवा कर रहे हैं। दुग्ध उत्पादन में भी ग्वालियर क्षेत्र अग्रणी है। लगभग 605 मीट्रिक टन दूध उत्पादन यहाँ हो रहा है। ग्वालियर क्षेत्र अब सिर्फ गजक ही नहीं, आलू और मिलेट्स उत्पादन में भी अपनी पहचान विशिष्ट बना रहा है।ग्वालियर में वेस्टर्न बाइपास का निर्माण तेजी के साथ हो रहा है। साथ ही अन्य बड़े-बड़े विकास कार्य मूर्तरूप ले रहे हैं।  प्रदर्शनी में ग्राम निरावली के पशुपालक प्रद्युम्न सिंह यादव ने बताया कि उनके पास मारवाड़ी और गुजराती नस्ल की 30 गायें हैं, जो एक बार में 10 से 15 लीटर तक दूध देती हैं।  उन्होंने बताया कि गर्मियों में हरा चारा उपलब्ध नहीं होने पर साइलेज पशुओं के लिए उपयोगी आहार साबित होता है।
प्रदर्शनी में साहीवाल नस्ल की गाय भी आकर्षण का केंद्र रही। पशुपालक गिर्राज यादव ने बताया कि उनके पास साहीवाल नस्ल की गाय है, जो औसतन 10 से 15 लीटर तक दूध देती है। टेकनपुर के पशुपालक रामवीर सिंह ने हरियाणवी नस्ल की गाय की विशेषताएं बताते हुए कहा कि यह गाय कम आहार में भी एक बार में लगभग 16 लीटर दूध देती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *