ग्वालियर अंचल में नशे के लिए इस्तेमाल हो रहे सर्जरी में काम आने वाले टर्मिन इंजेक्शन
ग्वालियर. सर्जरी के लिए इस्तेमाल होने वाले टर्मिन इंजेक्शन को नशे के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है। सुनने में यह हैरानी भरा है लेकिन मुरैना में इसको लेकर मामले सामने आ चुके हैं जिनमें नशे की लत के कारण हालत खराब होने से लेकर यह मौत का कारण भी बना है। पोरसा में एक प्रकरण सामने आ चुका है। इसी इंजेक्शन के अब ग्वालियर में मेडिकल स्टोरों पर खुलेआम मिलने का मामला सामने आया है, ग्वालियर से सप्लाई होकर ग्रामीण क्षेत्रों में और कुछ मेडिकल स्टोर भी इसकी गुपचुप बिक्री करते हैं।
रेहट गांव में इस्तेमाल की आई शिकायत
ग्वालियर के घाटीगांव के रेहट गांव में किशोरों द्वारा टर्मिन इंजेक्शन का नशे के लिए इस्तेमाल करने की शिकायत हुई है। इंटरनेट मीडिया पर टर्मिन इंजेक्शन के फोटो और घाटीगांव पुलिस के नाम शिकायत भी सामने आई है। शिकायत में यह बताया गया कि घाटीगांव और भितरवार क्षेत्र में ग्वालियर शहर से टर्मिन इंजेक्शन की सप्लाई की जा रही है और यह लगभग 150 रुपये के इंजेक्शन को 500 रुपये तक में बेचा जा रहा है। कलेक्टर से संज्ञान लेने की मांग की है।
इंजेक्शन की वाइल में होती है 10 एमएल ड्रग
घाटीगांव के रेहट में रहने वाले मनीष ओझा ने टर्मिन इंजेक्शन को लेकर क्षेत्र की हालत को बताते हुए शिकायत की है, इंटरनेट मीडिया पर पोस्ट कर ग्रामीण क्षेत्र में किशोरों द्वारा उपयोग किए गए टर्मिन इंजेक्शन के फोटो भी पोस्ट किए हैं। मनीष ने बताया कि ग्वालियर शहर से इस टर्मिन इंजेक्शन की सप्लाई हो रही है और संभवत: यह मेडिकल स्टोर्स से आ रहे हैं। इस इंजेक्शन की वाइल में 10 एमएल ड्रग की होती है जिससे कई लोग नशे के लिए इस्तेमाल कर लेते हैं। यह नसों में इंजेक्ट के माध्यम से लिया जाता है,ऐसा बताया गया है।
मुरैना-पोरसा में टर्मिन इंजेक्शन के आए थे मामले
तीन महीने पहले, पोरसा में एक युवक ने इसी इंजेक्शन की लत से परेशान होकर आत्महत्या कर ली थी। इसके अलावा हाल ही में मुरैना में इस टर्मिन इंजेक्शन के नशे में उपयोग की जानकारी सामने आई थी।
