अटल प्रोग्रेस-वे अब सिक्सलेन नहीं, फोरलेन बनेगा; प्रोजेक्ट की लागत में बचेंगे 1200 करोड़

ग्वालियर. चंबल अंचल की महत्वाकांक्षी अटल प्रोग्रेस-वे परियोजना का स्वरूप एक बार फिर बदलने जा रहा है। अब यह सिक्सलेन की जगह फोरलेन बनाया जाएगा। साथ ही इसके रूट में तीसरी बार संशोधन किया गया है। नए प्रस्ताव के अनुसार प्रोग्रेस-वे को राजस्थान के कोटा की जगह सवाई माधोपुर के पास लबान में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे से जोड़ा जाएगा।
नए रूट से परियोजना की लंबाई करीब 35 से 40 किमी होगी कम
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के सचिव के निर्देश पर एनएचएआई ने संशोधित अलाइनमेंट की डीपीआर तैयार कर केंद्र सरकार को भेज दी है। नए रूट से परियोजना की लंबाई करीब 35 से 40 किमी कम होगी। इससे लगभग 1200 करोड़ रुपये की बचत होने का अनुमान है। अब दिल्ली में केंद्रीय मंत्रालय की बैठक में इस प्रस्ताव पर निर्णय होना है। एनएचएआई ग्वालियर के प्रोजेक्ट डायरेक्टर भरत जोइया के अनुसार संशोधित प्रस्ताव भेजा जा चुका है। अंतिम निर्णय केंद्र स्तर पर होगा। मंजूरी मिलने के बाद निर्माण के लिए टेंडर आमंत्रित किए जाएंगे।
किसान दोगुने की जगह चार गुना मुआवजे की कर रहे थे मांग
पुराने प्रस्ताव में 414 किमी लंबे प्रोग्रेस-वे के लिए करीब 2200 हेक्टेयर जमीन अधिग्रहित की जानी थी। इसमें 22 बड़े और 225 छोटे पुल, चार रेलवे ओवरब्रिज सहित अन्य संरचनाएं बननी थीं। नए अलाइनमेंट के बाद जमीन अधिग्रहण और निर्माण संरचनाओं की संख्या भी बदल सकती है। परियोजना वर्ष 2022 में किसानों के मुआवजे के विवाद के कारण अटक गई थी। किसान दोगुने की जगह चार गुना मुआवजे की मांग कर रहे थे। अब प्रदेश सरकार के संशोधित प्रावधानों से ग्रामीण क्षेत्रों में चार गुना तक मुआवजा मिलने का रास्ता साफ हुआ है। हालांकि, नए अलाइनमेंट की मंजूरी और टेंडर के बाद ही निर्माण की दिशा स्पष्ट होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *