दतिया में सियासी मतभेद दूर करने की कवायद, भोपाल में मिले नरोत्तम मिश्रा और आशुतोष तिवारी

भोपाल. दतिया उपचुनाव के बाद प्रदेश के पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा और दतिया उप चुनाव में प्रत्याशी रहे आशुतोष तिवारी सहित जिले के सभी नेता पहली बार एक साथ भोपाल में बैठे और जिला कार्यकारिणी के गठन पर चर्चा की। बैठक चंबल संभाग के प्रभारी डॉ. अभय यादव ने बुलाई थी, जो जिले के प्रभारी मंत्री एदल सिंह कंषाना के आवास पर हुई।
समन्वय की कोशिश
बता दें कि उपचुनाव में गुटबाजी की बात सामने आई थी, जिसके बाद प्रदेश संगठन ने दतिया जिला अध्यक्ष रघुवीर सिंह कुशवाह सहित जिला पदाधिकारियों, जिला कार्य समिति, मंडल मोर्चा, प्रकोष्ठ, प्रकल्प एवं विभागों की समस्त वर्तमान संगठनात्मक इकाइयां भंग कर दी थीं। डेढ़ माह बाद 22 सितंबर को माधवेंद्र सिंह परिहार को दतिया का जिला अध्यक्ष बनाया था, तब से कार्यकारिणी नहीं बनी थी। इसके लिए पार्टी नेताओं के बीच समन्वय बनाने के प्रयास किए गए।
कार्यकारिणी गठन पर चर्चा
बैठक में जिला कार्यकारिणी के गठन और अन्य संगठनात्मक पदों पर नियुक्तियों को लेकर चर्चा की गई। इसमें भिंड से सांसद संध्या राय, सेंवढ़ा विधायक प्रदीप अग्रवाल, भांडेर के पूर्व विधायक घनश्याम पिरोनिया, आशुतोष तिवारी, नरोत्तम मिश्रा और जिला अध्यक्ष माधवेंद्र सिंह परिहार उपस्थित रहे। उधर, डॉ. मिश्रा ने शुक्रवार को अभय यादव के आवास पहुंचकर उनसे भेंट की।

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *