जबलपुर में तैयार हो रहा सेना का नया हथियार, 46 किमी तक दुश्मन पर बरसाएगा आग
जबलपुर. गन कैरिज फैक्ट्री (जीसीएफ) जबलपुर में निर्मित धनुष तोप के अपग्रेड वर्जन ने परीक्षण के दौरान अपनी मारक क्षमता, सटीकता और फायर पावर का दम दिखाया है। फैक्ट्री के लांग प्रूफ रेंज (एलपीआर) में हुए सफल परीक्षण में तोप ने निर्धारित मानकों पर खरा उतरते हुए लक्ष्य को सटीक निशाना बनाया। इस सफलता के बाद अब 30 धनुष तोपों की खेप जल्द भारतीय सेना को सौंपी जाएगी। धनुष की क्षमता परखने के लिए परीक्षण एलपीआर के साथ ओडिशा के बालासोर में किया गया है। बता दें कि जीसीएफ के इंजीनियरों ने बोफोर्स की 155 एमएम/39 कैलिबर तोप को अपग्रेड कर इस धनुष तोप को 155 एमएम/45 कैलिबर में बनाया है।
तोप में इस्तेमाल हो रही भारतीय चिप
जीसीएफ के महाप्रबंधक राहुल चौधरी ने बताया कि धनुष तोप बोफोर्स का ऐसा अपग्रेड वर्जन है, जो पूरी तरह से स्वदेशी है। पहले धनुष में इस्तेमाल होने वाली सबसे अहम इलेक्ट्रॉनिक चिप इजरायल से मंगाई जाती थी, लेकिन यह चिप अब भारत में ही बन रही है। इससे न सिर्फ तोप की लागत कम हुई है, बल्कि तोप पूरी तरह से स्वदेशी निर्मित हो गई है।
वहीं, अपग्रेड तोप की रेंज बोफोर्स से करीब 10 किलोमीटर ज्यादा हो गई। यह 37 किलोमीटर तक लक्ष्य भेद सकती है, लेकिन मारक क्षमता में इजाफा किए जाने से 46 किलोमीटर तक मार करने में परीक्षण के दौरान सफलता मिली है। इसमें ऑटोमैटिक लोडिंग, एडवांस्ड फायर कंट्रोल सिस्टम, जीपीएस आधारित नेविगेशन और दिन-रात निशाना लगाने की क्षमता जोड़ी गई। वहीं, जीसीएफ में धनुष के साथ 20 लाइट फील्ड गन (एलएफजी) की टेस्टिंग भी चल रही है। हल्की होने के कारण ये तोपें पहाड़ी और दुर्गम इलाकों में सेना के लिए उपयोगी साबित होंगी।
