MP में स्वास्थ्य सेवाओं का होगा डिजिटलाइजेशन, 86 हजार आशा कार्यकर्ताओं को मिल रही ट्रेनिंग

ग्वालियर. प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को डिजिटल प्लेटफार्म से जोडने के लिए जमीनी स्तर पर काम करने वाले स्वास्थ्यकर्मियों को तकनीकी रूप से दक्ष बनाया जा रहा है। इसका उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं का ऑनलाइन रिकॉर्ड तैयार करना और मरीजों एवं स्वास्थ्य योजनाओं से जुडे डाटा को व्यवस्थित कर उसकी निगरानी आसान बनाना है। पहल की शुरूआत आशा कार्यकर्ताओं से हुई है। प्रदेश की 86 हजार आशा कार्यकर्ताओं को कैप्सूल कोर्स के माध्यम से ऑनलाइन प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इनमें ग्वालियर जिले की 1014 कार्यकर्ता शामिल है। प्रशिक्षण में स्वास्थ्य सेवाओं से जुडे कार्यों का डिजिटल रिकॉर्ड बनाना, ऑनलाइन डाटा दर्ज करना और जानकारी व्यवस्थित रखना शामिल है।
13 नवंबर से हुई प्रशिक्षण की शुरूआत
इस तरह प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं से जुडे तीन प्रमुख स्तरों के कर्मचारी डिजिटल रिकॉर्ड और डेटा प्रबंधन से जुडेंगे। चार चरणों में प्रशिक्षण की शुरूआत 13 नवंबर से हुई है। पहले बैच के बाद 20 और 27 नवंबर को दो अन्य बैच आयोजित होंगे। प्रशिक्षण से छूअे प्रतिभागियों के लिए 4 दिसंबर को विशेष मॉकअप सत्र रखा गया है। ग्वालियर के सीएमएचओ डॉक्टर एमएस सागर ने बताया कि अगले चरण में एएनएम और सीएचओ को प्रशिक्षित किया जाएगा। इससे कागजी रिकॉर्ड और अलग-अलग माध्यमों में दर्ज सूचनाओं को डिजिटल रूप में संकलित करने में मदद मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *