21 नवंबर रजिस्ट्री किसी भी शहर हो सकेगी, दूसरे शहर जाने का झंझट खत्म, एनीव्हेयर रजिस्ट्री का होगा शुभारंभ

ग्वालियर. मध्यप्रदेश में प्रॉपटी खरीदने और बेचने वालों के लिये 21 नवम्बर से बहुप्रतीक्षित ‘‘एनीव्हेयर रजिस्ट्री’’ व्यवस्था प्रारंभ होने जा रही है। सीएम भोपाल से वर्चुअली इसका शुभारंभ करेंगे। इस नयी व्यवस्था के तहत मध्यप्रदेश का पहला दस्तावेज ग्वालियर से संपादित कराने की तैयारी है। इसके लिये स्थानीय जिला पंजीयन कार्यालय में तैयारियां की जा रही है।
अभी तक जिस जिले या तहसील में संपत्ति होती थी। खरीदारों को वहीं के उप-पंजीयक कार्यालय में जाकर रजिस्ट्री करानी पड़ती थी। लेकिन ‘‘संपदा’’ सॉॅफ्टवेयर अपडेट होने के बाद यह बाध्यता समाप्त हो जायेगी। अब ग्वालियर का कोई निवासी भोपाल-इंदौर में स्थित प्रॉपर्टी की रजिस्ट्री अपने ही शहर में करा सकेगा। इसके लिये उसे दूसरे शहर जाने की आवश्यकता नहीं होगी। पूरी प्रक्रिया लगभग 15 मिनट में पूरी की जा सकेगी।
फर्जीवाड़े पर लगाम के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
नई प्रणाली में पारदर्शिता बनाए रखने और फर्जीवाड़े को रोकने के लिए कड़े प्रावधान किए गए हैं। इसके तहत चयनित उप-पंजीयक को स्व-घोषणा पत्र देना होगा। इसमें यह प्रमाणित करना होगा कि संबंधित संपत्ति पर कोर्ट, हाईकोर्ट, सुप्रीम कोर्ट, ईडी, आयकर विभाग या राजस्व अधिकारियों की ओर से जब्ती, स्टे या कुर्की का कोई आदेश नहीं है।
सीधा फायदा
नई व्यवस्था से लोगों के समय और खर्च दोनों की बचत होगी। अब लंबी यात्राएं करने और बार-बार पंजीयन कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिलेगी। पक्षकार अपनी सुविधा के अनुसार प्रदेश के किसी भी पंजीयन कार्यालय में ऑनलाइन स्लॉट बुक कर सकेंगे। संपदा-2 सॉफ्टवेयर के जरिए उप-पंजीयक को दस्तावेजों का परीक्षण करने के लिए 5 दिन का समय मिलेगा। इसके बाद छठवें दिन अंतिम निर्णय लेना अनिवार्य होगा। इससे रजिस्ट्री की प्रक्रिया तय समयसीमा में पूरी हो सकेगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *