बच्चे पर छू किया कुत्ता, बचानेआये पिता पर लाठी-डंडे से किया हमला

ग्वालियर. हजीरा थाना इलाके के गदाईपुरा में पालतू कुत्ते को लेकर शुरू हुआ झगड़ा, मारपीट और पथराव तक पहुंच गया है। यह आरोप है कि पड़ोसी ने जानबूझ कर अपना कुत्ता 12 वर्षीय बालक पर छोड़ दिया। कुत्ते ने बच्चे के हाथ में काट लिया। पिता ने कुत्ते का जबड़ा पकड़कर बेटे को बचा तो उसके मालिक और परिजनों ने पिता पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
आरोपियों ने इसके बाद लगभग 1 घंटे तक मोहल्ले में हंगामा किया। घरों के गेट पर लाठियां मारी और पथराव कर तोड़फोड़ कर दी। घटना 10.30 बजे की है। पुलिस ने बच्चे, उसके पिता और अन्य घायलों को मेडीकल कराने के बाद 4 आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दुकान जाते वक्त बच्चों पर दौड़ाया कुत्ता
घटना कुशवाह चक्की के पास राठौर चौक की है। फरियादी संजय जादौन 40, अपने 12 वर्षीय बेटे हर्षित के साथ सामान लेने दुकान जा रहे थे। रास्ते में पड़ोसी जितेन्द्र राजावत का काले रंग का देशी कुत्ता खुला घूम रहा था। यह आरोप है कि जितेन्द्र ने छू कहकर कुत्ते को हर्षित की तरफ दौड़ा दिया। कुत्ते ने उसके बांये हाथ के पंजे में काट लिया। फिर चेहरे की ओर झपटा। बीच-बचाव करने आए भतीजे को भी पीटाशोर सुनकर जितेंद्र के पिता अरविंद, पुष्पेंद्र और मयंक राजावत भी मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि सभी ने मिलकर संजय के साथ मारपीट की। बीच-बचाव करने आए उनके भतीजे बलवीर सिंह जादौन को भी पीटा गया। उसके बाएं हाथ की हथेली से खून निकलने लगा।
शिकायत करने थाने पहुंचे पिता, पीछे से घरों पर पथराव
संजय के हजीरा थाने पहुंचने के बाद आरोपियों ने मोहल्ले में हंगामा जारी रखा। पीड़ित परिवार का आरोप है कि करीब एक घंटे तक आरोपियों ने घरों के गेट पर लाठियां मारीं, पथराव किया और तोड़फोड़ की। इस दौरान जो भी सामने आया, उसके साथ मारपीट की गई। मोहल्ले के लोगों ने डायल-112 पर सूचना दी। पुलिस वाहन पहुंचा तो आरोपी वहां से भाग गए।
संजय के बाएं हाथ, गर्दन, बाएं पैर और कनपटी पर चोटें आई हैं। आरोप है कि जाते समय जितेंद्र राजावत और उसके साथियों ने जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर हजीरा थाना पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
