छठ पूजा पर घर जाने की मुश्किलें बढ़ीं, ट्रेनों में सीटों का संकट; शताब्दी में भी वेटिंग
ग्वालियर. दीपावली का त्योहार बीत चुका है और अब छठ पूजा की तैयारियां शुरू हो गई है। दूसरे शहरों में नौकरी और कारोबार करने वाले बिहार और पूर्वांचल के लोगों के लिए अब अपने घर पहुंचना सबसे बडी चुनौती बन गया है। छठ महापर्व पर परिवार के साथ पूजा करने की इच्छा रखने वाले यात्रियों ने ट्रेनों में पहले से ही सीटें बुक करा ली है। ग्वालियर से बिहार, प्रयागराज, दिल्ली और मुंबई की ओर जाने वाली प्रमुख ट्रेनों में रविवार तक सीटों के लिए मारामारी की स्थिति है। स्लीपर से लेकर थर्ड एसी और सेकंड एसी तक में जगह नहीं बची है। कई ट्रेनों में नो रूम हो चुका है जबकि शताब्दी एक्सप्रेस जैसी प्रीमियम ट्रेन में भी वेटिंग टिकट मिल रहे है।
गुरूवार को ग्वालियर से बरौनी जाने वाली बरौनी मेल में यात्रियों की भीड इसका उदाहरण बनी। ट्रेन यात्रियों से पूरी तरह भरी हुई रवाना हुई। हालात ऐसे थे कि यात्रियों को बैठने तक के लिए जगह तलाशनी पडी। दूसरी ओर, यात्रियों की सुविधा के लिए दोपहर 2.15 बजे ग्वालियर से भिंड होते हुए बरौनी के लिए चलाई गई स्पेशल ट्रेन लगभग खाली रवाना हो गई।
दोपहर करीब 12 बजे झांसी होकर जाने वाली नियमित बरौनी मेल में भारी भीड थी जबकि स्पेशल ट्रेन में यात्रियों की संख्या काफी कम रही। इससे साफ है कि छठ पर घर जाने वाले यात्रियों की पहली पसंद नियमित ट्रेनें बनी हुई है।
तत्काल टिकट खुलते ही कुछ सेकेंड मंे बुकिंग
छठ पर घर जाने की जल्दबाजी की असर तत्काल टिकटों की बुकिंग पर भी दिखाई दे रहा है। आईआरसीटीसी की वेबसाइट और एप् पर तत्काल बुकिंग शुरू होते ही कुछ सेकेंड में सीटें भर जा रही है। यात्रियों को कंफर्म टिकट नहीं मिल पा रहे है। मजबूरी में कई लोग बसों और निजी वाहनों से सफर करने की तैयारी कर रहे है।
इन ट्रेनों में भी सीटें उपलब्ध नहीं
ग्वालियर से गुजरने वाली सचखंड एक्सप्रेस, झेलम एक्सप्रेस, केरला एक्सप्रेस, कर्नाटक एक्सप्रेस, तमिलनाडु एक्सप्रेस, मालवा एक्सप्रेस, अमृतसर-दादर एक्सप्रेस, दक्षिण एक्सप्रेस, मंगला एक्सप्रेस, समता एक्सप्रेस, गोंडवाना एक्सप्रेस और स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस में भी सीटों का संकट बना हुआ है।
