कॉम्बिंग गश्त में 214 फरार वारंटी गिरफ्तार तथा गुण्डे-हिस्ट्रीशीटरों की हुई चेकिंग
ग्वालियर। -कानून व्यवस्था एवं शांति बनाये रखने व आदतन अपराधियों पर शिकंजा कसने के उद्देश्य से प्रभारी पुलिस अधीक्षक श्रुतकीर्ति सोमवंशी के निर्देश पर 11/12 नवम्बर की दरमियानी रात्रि शहर व देहात के थाना क्षेत्रों में देर रात तक कॉम्बिंग गश्त किया गया।
प्रभारी पुलिस अधीक्षक द्वारा शहर में स्वयं देर रात तक कॉम्बिंग गश्त का जायजा लिया और थानों का भ्रमण कर पुलिस अधिकारियों को प्रभावी कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया। पुलिस के अधिकारियों द्वारा अधीनस्थ थाना बल के साथ अपने-अपने क्षेत्र में पैदल गश्त किया गया। इस दौरान उनके द्वारा फरारी बदमाशों, वारंटियों, गुण्डों, हिस्ट्रीशीटरों एवं जिला बदर के आरोपियों की उनके घरों पर चेकिंग के साथ ही बैंक एटीएम एवं होटल, लॉज, धर्मशाला, ढाबों को भी चेक किया। इस गश्त के लिये पुलिस की टीमें बनाकर शहर व देहात क्षेत्रों में संवेदनशील इलाकों में भी गश्त की और संदिग्ध वाहनों तथा मुंह बांधे दो पहिया वाहन चालकों की चेकिंग की गई।
इस दौरान पुलिस ने जिले में कुल 106 स्थाई वारंट, 108 गिरफ्तारी वारंट तथा 34 जमानती वारंट तामील कराये गये। कॉम्बिंग गश्त के दौरान थाना डबरा सिटी में एनडीपीएस एक्ट के 02 प्रकरण, थाना डबरा देहात में अवैध शराब का 01 प्रकरण तथा थाना विश्वविद्यालय में जुआ का 01 प्रकरण पंजीबद्ध किया गया। इस दौरान धारा 151 जाफौ केे तहत थाना बहोड़ापुर में 01 कार्यवाही की गई।
सक्रिय बदमाशों को दी सख्त चेतावनी
कॉम्बिंग गश्त के दौरान पुलिस द्वारा सक्रिय बदमाशों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्यवाही की गई तथा गुण्डों एवं हिस्ट्रीशीटरों के आपराधिक रिकॉर्ड को अपडेट किया गया। पुलिस अधिकारियों एवं थाना बल द्वारा शहर और देहात के गली-मोहल्लों में भ्रमण कर बदमाशों की धरपकड़ के साथ उनकी गतिविधियों पर निगरानी रखी गई। पुलिस टीमों ने गुण्डों, हिस्ट्रीशीटरों एवं जिला बदर आरोपियों के घर पहुंचकर उनकी जानकारी ली तथा उन्हें स्पष्ट चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि में संलिप्त पाए जाने पर उनके विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।
