सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त -50 करोड़ से अधिक कीमत की 5.395 हैक्टेयर सरकारी जमीन से हटाए अतिक्रमण
ग्वालियर – सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिये विशेष मुहिम चलाई जा रही है। कलेक्टर रुचिका चौहान ने जिले के सभी एसडीएम व तहसीलदारों को सरकारी जमीन को सुरक्षित करने के लिये प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। इस कड़ी में शनिवार को जिला प्रशासन की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। एसडीएम मुरार अशोक चौहान के नेतृत्व में गई जिला प्रशासन, नगर निगम व पुलिस की संयुक्त टीम ने मशीनों से कच्चे-पक्के मकान इत्यादि अतिक्रमण ध्वस्त कराकर ग्वालियर शहर के दीनारपुर क्षेत्र में स्थित लगभग 5.395 हैक्टेयर बेशकीमती सरकारी जमीन अतिक्रमण मुक्त कराई। इस जमीन का बाजार मूल्य 50 करोड़ रूपए से अधिक आंका गया है। अतिक्रमण हटाने के साथ-साथ भू-माफियाओं के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई भी की जा रही है।
दीनारपुर क्षेत्र में औद्योगिक विकास के लिए आवंटित की गई शासकीय जमीन पर भू-माफियाओं द्वारा अतिक्रमण कराने की शिकायत सामने आई थी। जाँच में शिकायत सही पाई जाने पर शनिवार को राजस्व विभाग की टीम, नगर निगम का मदाखलत दस्ता एवं पुलिस बल मशीनों के साथ मौके पर पहुँचा। उन्होंने बताया कि दीनारपुर के सर्वे क्रमांक-383, 386 व 387 की कुल 5.395 हैक्टेयर सरकारी जमीन पर भू-माफियाओं द्वारा अतिक्रमण कर लोगों के पक्के एवं अर्द्ध पक्के मकान इत्यादि बनवा दिए थे। संयुक्त टीम द्वारा कार्रवाई कर दीनारपुर स्थित इस सरकारी जमीन से लगभग 70 – 80 अतिक्रमण ध्वस्त कर सरकारी जमीन को सुरक्षित किया गया है।
