ग्वालियर में 12 फर्मों के नमूने फेल, संभलकर खाइये दूध, दही, घी और सरसों का तेल
ग्वालियर। बाजार से दही, दूध, घी और सरसों तेल खरीदकर खा रहे हैं तो जरा संभल जाइए, क्योंकि इनके सैंपल फेल हो रहे हैं। खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से जांच के लिए राज्य प्रयोगशाला भेजे गए दही, दूध, घी, सरसों तेल, समोसे, पनीर के सैंपल मिलावटी पाए गए हैं। 12 फर्म के 14 सैंपल फेल हुए हैं। दुग्ध पदार्थों के सैंपल गुणवत्ता के मानक पर खरे नहीं उतरे हैं। लैब से मिली जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा मानक के तहत वैधानिक कार्रवाई करते हुए नोटिस भेजा जाएगा।
फलों का कारोबार करने वाली कंपनी को भी नोटिस दिया
वहीं फलों को कृत्रिम रूप से पकाने के लिए कार्बाइड एवं अन्य प्रतिबंध माध्यमों का उपयोग करने वाले फल विक्रेताओं की जांच के लिए खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीमों ने छत्री मंडी, मोतीझील और डबरा फल मंडियों में पहुंचकर फलों की दुकानों का निरीक्षण किया। फल मंडियों में आम को पकाने के लिए एफएसएसआई द्वारा निर्धारित इथोफोन के पाउचों का उपयोग करना पाया गया। फर्म विजय एंड संस न्यू फल मंडी मोतीझील एवं दीपक फ्रूट कंपनी डबरा का निरीक्षण में फलों को इथोपोन के पाउच से पकाया जाना मिला। इधर, खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने एग्रो साल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड का निरीक्षण किया। जहां मसालों की प्रोसेसिंग कर न्यू सबेरा स्पाइस ब्रांड नाम से पैकिंग की जा रही थी। मौके पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी सतीश कुमार शर्मा ने फर्म डायरेक्टर राजीव गुप्ता से धनिया पाउडर एवं लाल मिर्ची पाउडर के नमूने लिए।
इन फर्म के सैंपल हुए फैल
राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भोपाल जांच के लिए भेजे गए नमूने अमानक स्तर के मिले हैं। इनमें भाटिया डेयरी थाटीपुर का दूध एवं दही का नमूना अवमानक, किसान डेयरी बहोडापुर के पनीर का नमूना अवमानक, बाबा डेयरी खासगी बाजार का दूध, मोरिया डेयरी तारागंज का दही, गजानन डेयरी जीवाजीगंज का घी, कृष्णा डेयरी माधोगंज का दूध, जय साईं बाबा आयल मिल ठाकुर बाबा रोड डबरा का ओम साई मस्टर्ड आयल एवं सरसों का तेल अवमानक पाया गया। रामसेवक गुर्जर मिल्क हाकर्स का दूध, राधे पाल पुरानी छावनी का दूध, सीपी आयल मिल महाराजपुरा इंडस्ट्रीयल एरिया का राइस ब्रान आयल अवमानक निकला। वहीं विजय काउंटर एवं कैटरिंग गुड़ागुड़ी का समोसा व बालाजी मिष्ठान भंडार डबरा का मिल्क केक का नमूना मिथ्याछाप पाया गया।
