भाजयुमो मंडल उपाध्यक्ष की चाकू मार कर हत्या

भोपाल. केन्द्रीय जेल के गेट पर भारतीय जनता युवा मोर्चा के मण्डल उपाध्यक्ष की चाकू मारकर हत्या कर दी गयी। घटना शुक्रवार की शाम 6 बजे की है। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद दोपहर 1 बजे शव को परिजनों ने लिंक रोड नम्बर 2 पर रखकर चक्काजाम कर दिया। परिजनों का कहना था कि मर्डर केस में तंजील और भूरा हड्डी को भी नामजद किया जाये । रात में पुलिस को यह नाम दिये थे। पुलिस ने देर रात 4 आरोपियों पर केस दर्ज किया है। एफआईआर में यह दो नाम नहीं है।
चक्काजाम की सूचना पर एसीपी चन्द्रशेखर पांडे घटना स्थल पर पहुंचे और लोगों को समझाइश दी और इसके बाद शव को अंतिम संस्कार के लिये ले जाया गया। भाजयुमो मण्डली उपाध्यक्ष सुरेन्द्र कुशवाह परिवार में इकलौते बेटे और अकेले कमाने वाले। उनसे छोटी एक बहन है पिता का 10 साल पूर्व निधन हो चुका है।

पुलिस पहुंचने से पहले घायल को ले गए थे साथी
बताया जा रहा है कि झगड़े की सूचना जेल स्टाफ ने पुलिस को दी थी। इससे पहले ही सुरेंद्र और विकास को उसके साथी कार से पहले हमीदिया अस्पताल, फिर एम्स अस्पताल लेकर पहुंचे। विकास वर्मा को हजेला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। गांधीनगर थाना पुलिस आरोपी संदेश नरवारे, आकाश भदौरिया, छोटा चेतन उर्फ फैजल और दीपांशु सेन को तलाश रही है।2011 में मुकेश कमली की हत्या हुई थी। इसी हत्याकांड में सतीश सजायाफ्ता है। आरोपी मुकेश की गैंग के हैं। उन्होंने कुछ रोज पहले भी सुरेंद्र के साथ मारपीट की थी। उसने पुलिस में शिकायत नहीं की थी।
